पंजाब के मुख्यमंत्री ने संकटग्रस्त पंजाबियों की सुरक्षित वापसी के लिए केंद्रीय मंत्री से की बात
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की पहल
चंडीगढ़: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने आज केंद्रीय नागर विमानन मंत्री के. राम मोहन नायडू से फोन पर बातचीत की। उन्होंने संकटग्रस्त मध्य पूर्व में फंसे पंजाबियों की सुरक्षित वापसी के लिए मदद मांगी। इस बातचीत में मुख्यमंत्री ने खाड़ी देशों में फंसे पंजाबियों की स्थिति पर चर्चा की और उन्हें वापस लाने के लिए त्वरित कदम उठाने का अनुरोध किया।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा, "मैंने नागर विमानन मंत्री के. राम मोहन नायडू से बात की। प्रवासी भारतीय मामलों के मंत्री डॉ. रवजोत सिंह भी उनसे व्यक्तिगत रूप से मिले थे। केंद्रीय मंत्री ने आश्वासन दिया है कि अरब देशों से पंजाबियों की सुरक्षित वापसी के लिए आवश्यक प्रबंध किए जाएंगे, जिसमें विशेष उड़ानों का आयोजन भी शामिल है। मैंने सभी संबंधित व्यक्तियों की सूची और संपर्क नंबर साझा किए हैं। जल्द ही ये पंजाबी अपने परिवारों के पास लौट आएंगे। किसी भी जानकारी या सहायता के लिए कृपया एन.आर.आई. विंग के 24x7 कंट्रोल रूम नंबर 0172-2260042, 0172-2260043 या व्हाट्सएप नंबर +91 94787-79112 पर संपर्क करें।"
मुख्यमंत्री ने कहा, "मैंने केंद्रीय मंत्री से बातचीत के दौरान खाड़ी देशों में फंसे पंजाबियों से संबंधित सभी आंकड़े साझा किए। मैंने उनसे अनुरोध किया कि इन पंजाबियों को जल्द से जल्द निकाला जाए ताकि वे अपने परिवारों से मिल सकें। केंद्रीय मंत्री ने हर संभव सहायता का आश्वासन दिया है और मुझे उम्मीद है कि युद्ध प्रभावित क्षेत्र में फंसे पंजाबी जल्द ही अपने परिवारों के पास होंगे।"
मुख्यमंत्री ने पंजाब सरकार की दृढ़ प्रतिबद्धता को दोहराते हुए कहा, "पंजाबियों ने देश को अनाज उत्पादन में आत्मनिर्भर बनाने और देश की एकता, अखंडता तथा प्रभुसत्ता की रक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि अचानक युद्ध के कारण बड़ी संख्या में पंजाबी मध्य पूर्व में फंसे हुए हैं। केंद्र सरकार को इन पंजाबियों की सुरक्षित वापसी के लिए विशेष जहाजों का प्रबंध करना चाहिए।"
मुख्यमंत्री ने आगे कहा, "पंजाब के कैबिनेट मंत्री डॉ. रवजोत सिंह को केंद्रीय नागर विमानन मंत्री से मिलने और पंजाबियों को उनकी मातृभूमि पर वापस लाने के लिए केंद्र सरकार पर दबाव डालने के लिए नियुक्त किया गया है। पंजाब सरकार इस संकट के समय में पंजाबियों को बचाने के लिए प्रतिबद्ध है और पहले से ही ठोस प्रयास किए जा रहे हैं। अरब देशों में फंसे पंजाबियों की सुरक्षित वापसी हमारी प्राथमिकता है।"
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने प्रभावित परिवारों के प्रति एकजुटता व्यक्त करते हुए कहा, "पंजाब सरकार फंसे लोगों को जल्द से जल्द हर आवश्यक सहायता प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। हम इस संकट के समय में खाड़ी देशों में फंसे युवाओं और छात्रों के परिवारों के साथ मजबूती से खड़े हैं। मुझे उम्मीद है कि भारत सरकार युद्ध प्रभावित क्षेत्र में फंसे सभी लोगों की मदद के लिए आवश्यक कदम उठाएगी।"
मुख्यमंत्री ने एक्स पर कहा, "मैं कैबिनेट मंत्री डॉ. रवजोत सिंह को केंद्रीय नागर विमानन मंत्री राम मोहन नायडू के पास भेज रहा हूं। हम मांग करते हैं कि पंजाबियों के लिए विशेष जहाज का प्रबंध किया जाए। अरब देशों में फंसे पंजाबियों की सुरक्षित घर वापसी हमारी सरकार की सबसे बड़ी प्राथमिकता है।"