पंजाब पुलिस का नशा तस्करों के खिलाफ अभियान: 3.5 लाख रुपये की ड्रग मनी सहित 97 गिरफ्तार
पुलिस ने नशा तस्करों से बरामद की भारी मात्रा में नशीले पदार्थ
पुलिस ने नशा तस्करों से 1.3 किलोग्राम हेरोइन और 900 ग्राम अफीम की बरामदगी की
चंडीगढ़: पंजाब पुलिस ने राज्य में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कई छापेमारी की हैं। इस मुहिम के तहत नशा तस्करों को गिरफ्तार किया जा रहा है और उनके पास से नशीले पदार्थों की बड़ी मात्रा भी बरामद की जा रही है। राज्य सरकार ने एक मार्च से नशे के खिलाफ इस अभियान की शुरुआत की थी।
381 स्थानों पर छापेमारी का अभियान
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में नशे के उन्मूलन के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत, पंजाब पुलिस ने बुधवार को 381 स्थानों पर छापेमारी की। इस दौरान 97 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया गया और 74 एफआईआर दर्ज की गईं। अब तक इस अभियान में कुल 35,377 तस्करों को गिरफ्तार किया जा चुका है। छापेमारी में 1.3 किलो हेरोइन, 900 ग्राम अफीम, 28 किलो भुक्की, 14,959 नशीली गोलियां और 3.50 लाख रुपये की ड्रग मनी बरामद की गई।
अभियान की निगरानी के लिए उप समिति का गठन
मुख्यमंत्री ने पुलिस कमिश्नरों और वरिष्ठ अधिकारियों को नशामुक्त पंजाब बनाने के लिए निर्देश दिए हैं। इसके लिए वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा की अध्यक्षता में एक 5 सदस्यीय कैबिनेट उप-समिति का गठन किया गया है।
छापेमारी में एक हजार से अधिक पुलिस कर्मियों की भागीदारी
इस अभियान में 69 राजपत्रित अधिकारियों की निगरानी में 1000 से अधिक पुलिस कर्मियों की 120 से ज्यादा टीमों ने भाग लिया। छापेमारी के दौरान 371 संदिग्ध व्यक्तियों की भी जांच की गई। राज्य सरकार ने नशे के उन्मूलन के लिए तीन-स्तरीय रणनीति - प्रवर्तन, नशा मुक्ति और रोकथाम - लागू की है।