पंजाब पुलिस का नशा तस्करों के खिलाफ बड़ा अभियान: 87 गिरफ्तार
पंजाब पुलिस की छापेमारी में बड़ी सफलता
पंजाब पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ चलाए गए अभियान में 356 स्थानों पर छापेमारी की, जिसमें 87 तस्करों को गिरफ्तार किया गया।
चंडीगढ़: पंजाब पुलिस ने नशे के खिलाफ अपने अभियान को जारी रखते हुए 356 स्थानों पर छापेमारी की। इस कार्रवाई में 63 एफआईआर दर्ज की गईं और 87 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया गया। पिछले 156 दिनों में कुल 24,592 तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। इस छापेमारी के दौरान 967 ग्राम हेरोइन, 267 किलो भुक्की और 1869 नशीली गोलियां बरामद की गईं।
राज्यभर में एक साथ छापेमारी
यह अभियान पुलिस महानिदेशक गौरव यादव के निर्देश पर सभी 28 जिलों में एक साथ चलाया गया। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने पुलिस कमिशनरों और एसएसपी को पंजाब को नशा मुक्त बनाने के निर्देश दिए हैं। इसके लिए वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा की अध्यक्षता में एक 5 सदस्यीय कैबिनेट सब कमेटी भी बनाई गई है।
1200 से अधिक पुलिस कर्मियों की भागीदारी
विशेष डीजीपी कानून व्यवस्था अर्पित शुक्ला ने बताया कि 75 गजटिड अधिकारियों की निगरानी में 1200 से अधिक पुलिस कर्मियों की 180 से अधिक टीमों ने छापेमारी की। इस दौरान 377 संदिग्ध व्यक्तियों की भी जांच की गई।
उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार का अभियान नशों के खिलाफ जारी रहेगा। पिछले पांच महीनों में पुलिस ने 1000 किलो से अधिक हेरोइन बरामद की है और 25,000 से अधिक तस्करों को गिरफ्तार किया है।