पंजाब पुलिस ने मलेशिया से तीन वांटेड अपराधियों को किया डिपोर्ट
पंजाब पुलिस की बड़ी सफलता
चंडीगढ़: पंजाब पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय संगठित अपराध के खिलाफ एक महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। काउंटर इंटेलिजेंस विंग के ओवरसीज फ्यूजिटिव ट्रैकिंग एंड एक्सट्रैडिशन सेल (ओएफटीईसी) ने केंद्रीय एजेंसियों के सहयोग से दविंदर बंबीहा गैंग के तीन वांटेड सदस्यों को मलेशिया से भारत वापस लाया है। यह जानकारी पंजाब के डीजीपी ने सोशल मीडिया पर साझा की।
पुलिस ने बताया कि इन तीनों पर हत्या, जबरन वसूली, विस्फोटक रखने और लुधियाना में एक सुनियोजित हैंड-ग्रेनेड हमले जैसे गंभीर आरोप हैं, जो पाकिस्तान की आईएसआई से जुड़े थे। आरोपियों जसप्रीत सिंह उर्फ जस बेहबल, अजय सिंह और पवनदीप सिंह को नई दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर पहुंचने पर गिरफ्तार किया गया है और उन्हें आगे की जांच के लिए पंजाब लाया जा रहा है।
डीजीपी ने कहा कि पंजाब पुलिस अंतरराष्ट्रीय संगठित अपराध के नेटवर्क को समाप्त करने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। चाहे भगोड़े कहीं भी छिपे हों, हम उन्हें खोज निकालेंगे और कानून के समक्ष लाएंगे।
इससे पहले, अमृतसर ग्रामीण पुलिस ने एक आतंकी साजिश को विफल किया था, जिसमें पुलिस के एक ठिकाने को निशाना बनाया गया था। इस दौरान 690 ग्राम का एक इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी) बरामद किया गया था, जिसमें एक इलेक्ट्रॉनिक डेटोनेटर, बैटरी, टाइमर और लोहे का डिब्बा शामिल था।
बरामद किए गए विस्फोटक को सुरक्षा नियमों के अनुसार संभाला गया और बम निरोधक दस्ते ने इसे निष्क्रिय कर दिया। संबंधित पुलिस स्टेशन में कानून की धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। इस साजिश में शामिल लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच जारी है। डीजीपी गौरव यादव ने कहा कि पंजाब में आतंकी नेटवर्क को समाप्त करने, संगठित अपराध को खत्म करने और सार्वजनिक सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस पूरी तरह से प्रतिबद्ध है।