पंजाब में एस.आई.आर. के लिए घर-घर गणना की तैयारी पूरी
चुनाव आयोग की समीक्षा बैठक
चंडीगढ़: पंजाब में स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (एस.आई.आर.) 2026 के तहत घर-घर गणना 25 जून से 24 जुलाई 2026 तक आयोजित की जाएगी। इस प्रक्रिया में बूथ लेवल अधिकारी (बी.एल.ओज़.) वोटरों के विवरण की पुष्टि करने और गणना फॉर्म एकत्र करने के लिए घर-घर जाएंगे।
आज मुख्य निर्वाचन अधिकारी पंजाब, श्रीमती अनिंदिता मित्रा, आई.ए.एस. ने भारत निर्वाचन आयोग के डिप्टी चुनाव आयुक्त श्री भानू प्रकाश येतूरू, आई.ए.एस. की अध्यक्षता में एक समीक्षा बैठक का आयोजन किया। इस बैठक में एस.ए.एस. नगर, फतेहगढ़ साहिब, पटियाला, रोपड़ और एस.बी.एस. नगर के जिला चुनाव अधिकारियों (डी.ई.ओज़.) ने भाग लिया।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने डिप्टी चुनाव आयुक्त को राज्य के चुनाव तंत्र की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इसमें 5 डिवीजन, 23 जिले और 117 विधानसभा क्षेत्र शामिल हैं, जिनमें कुल 14,664 स्थानों पर 24,453 पोलिंग स्टेशन हैं। उन्होंने यह भी बताया कि राज्य में 85.82 प्रतिशत वोटर मैपिंग पूरी हो चुकी है।
श्रीमती मित्रा ने कहा कि ए.डी.ई.ओज़., ई.आर.ओज़., ए.ई.आर.ओज़., चुनाव तहसीलदारों और तकनीकी स्टाफ के लिए तीन दिवसीय राज्य स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हो चुका है। बी.एल.ओज़. और उनके सुपरवाइजर्स के लिए जिला स्तरीय प्रशिक्षण अभी जारी है। चुनाव सामग्री की छपाई का कार्य भी चल रहा है, जिसे घर-घर तस्दीक करने से पहले पूरा किया जाएगा।
बैठक के दौरान, डिप्टी चुनाव आयुक्त ने सभी डी.ई.ओज़. को वोटर सूचियों की शुद्धता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए निर्देशित किया। उन्होंने प्रत्येक जिले की फील्ड मशीनरी की तैयारियों की समीक्षा की, ताकि कोई योग्य वोटर सूची में दर्ज होने से छूट न जाए।
बैठक में बी.एल.ओज़. की महत्वपूर्ण भूमिका पर भी चर्चा की गई, जो घर-घर जाकर तस्दीक करने और वोटरों को गणना फॉर्म भरने में सहायता करेंगे। इस प्रक्रिया को समय पर पूरा करने और वोटर जागरूकता बढ़ाने के लिए आवश्यक निर्देश दिए गए।
डिप्टी चुनाव आयुक्त श्री भानू प्रकाश येतूरू, आई.ए.एस. पंजाब के तीन दिवसीय दौरे पर हैं और अगले दो दिनों में अन्य जिलों का दौरा करेंगे। इस दौरान मुख्य निर्वाचन अधिकारी भी उनके साथ रहेंगी।