पंजाब में सरकारी नौकरियों की बढ़ती संख्या: युवाओं के लिए नए अवसर
पंजाब सरकार की रोजगार पहल
अब तक 61 हजार से अधिक युवाओं को दी गईं सरकारी नौकरियां
चंडीगढ़: पंजाब के युवाओं को सरकारी नौकरी पाने के लिए अब किसी सिफारिश या रिश्वत की आवश्यकता नहीं है। पंजाब सरकार पारदर्शी तरीके से रोजगार उपलब्ध करा रही है। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में, सरकार ने अपनी महत्वाकांक्षी रोजगार मिशन पहल के माध्यम से युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सृजित करने में महत्वपूर्ण प्रगति की है।
सरकार नए रोजगार के अवसरों के साथ-साथ उन युवाओं को भी रोजगार दिलाने के उपाय खोज रही है, जिनकी आयु सीमा पार हो चुकी है और जिन्हें नौकरी पाने में कठिनाई हो रही है। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने अप्रैल 2022 में पद ग्रहण करने के बाद मिशन रोजगार की शुरुआत की थी, जिसके तहत अब तक 61,281 सरकारी नौकरियाँ प्रदान की गई हैं। पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के तहत युवाओं को कड़ी प्रतिस्पर्धा में परीक्षा पास करने के बाद नौकरियाँ दी गई हैं। सरकार का प्राथमिक उद्देश्य युवाओं को सरकारी नौकरियाँ देकर उन्हें सशक्त बनाना है।
एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में, पंजाब की रक्षा प्रशिक्षण संस्थाओं ने राष्ट्रीय स्तर पर मानक स्थापित किए हैं। महाराजा रणजीत सिंह आम्र्ड फोर्सेज़ प्रेपरेटरी इंस्टीट्यूट (एमआरएसएएफपीआई) ने एनडीए में 82.45 प्रतिशत सफलता दर हासिल की है। वर्ष 2025 में 34 कैडेट राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (एनडीए/समकक्ष अकादमियों) में शामिल हुए, जिनमें से 17 कैडेटों को रक्षा बलों में अधिकारी के रूप में कमीशन प्राप्त हुआ।
इसके अतिरिक्त, पंजाब सरकार ने माई भागो आम्र्ड फोर्सेज़ प्रेपरेटरी इंस्टीट्यूट में लड़कियों के लिए राज्य द्वारा संचालित देश का पहला एनडीए प्रेपरेटरी विंग शुरू किया है, जिसमें 40 लड़कियों को कमीशंड अधिकारी बनने के लिए प्रशिक्षण दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली सरकार युवाओं को सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। प्रदान की गई हर नौकरी, हर कौशल प्रशिक्षण और तैयार किए गए सभी उद्यमी राज्य की सबसे मूल्यवान पूंजी हैं, जो युवाओं के पलायन को रोकने में सहायक सिद्ध होंगे। सरकार के प्रयास रोजगार के नए अवसरों के लिए एक मजबूत वातावरण तैयार कर रहे हैं, जिससे पंजाब के युवाओं को राज्य के भीतर ही एक सुरक्षित, व्यावहारिक और उज्ज्वल भविष्य मिल रहा है।