पंजाब में हेरोइन तस्करी का भंडाफोड़, तीन गिरफ्तार
पुलिस ने बड़ी मात्रा में हेरोइन और ड्रग मनी की बरामदगी की
पकड़े गए आरोपियों से 24.5 किलो हेरोइन और 21 लाख रुपये की ड्रग मनी बरामद
पंजाब पुलिस की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) ने सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के सहयोग से एक संयुक्त अभियान में पाकिस्तान से संचालित तस्करी नेटवर्क के तीन मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में 24.5 किलो हेरोइन और 21 लाख रुपये की ड्रग मनी बरामद की गई है।
पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने बताया कि गिरफ्तार व्यक्तियों की पहचान अमृतसर के गांव नूरवाल के जगजीत सिंह उर्फ राणा, गांव औलख खुर्द के मनप्रीत सिंह उर्फ प्रीत और गांव धूपसड़ी के रोशन सिंह के रूप में हुई है।
ड्रोन का उपयोग कर तस्करी की जाती थी हेरोइन
डीजीपी ने बताया कि हेरोइन और ड्रग मनी के अलावा, बीएसएफ और पुलिस ने एक मल्टी-कॉप्टर ड्रोन भी जब्त किया है, जिसका उपयोग पाकिस्तान के तस्करों द्वारा सीमा पार से ड्रग्स की खेप पहुंचाने के लिए किया जाता था। इसके साथ ही, एक महिंद्रा थार और दो अन्य कारें भी जब्त की गई हैं, जो नशीले पदार्थों की सप्लाई में इस्तेमाल होती थीं।
गौरव यादव ने कहा कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि गिरफ्तार आरोपियों के पाकिस्तान में स्थित हैंडलरों के साथ सीधे संबंध थे। उन्होंने बताया कि तकनीकी जांच के बाद इस सीमा पार नेटवर्क को ध्वस्त करने में सफलता मिली है।
पुलिस की सफलता का तरीका
एएनटीएफ के पुलिस अधीक्षक (एसपी) गुरप्रीत सिंह ने बताया कि यह कार्रवाई दो चरणों में की गई। पहले चरण में 12.1 किलोग्राम हेरोइन बरामद की गई थी। इसके बाद, ड्रोन के तकनीकी डेटा और फोरेंसिक विश्लेषण के आधार पर मनप्रीत सिंह के घर से 12.4 किलोग्राम हेरोइन की एक और खेप बरामद की गई, जिससे कुल बरामदगी 24.5 किलोग्राम हो गई।
एसपी ने कहा कि जगजीत राणा ने हाल ही में ड्रग मनी से महंगे संपत्तियां खरीदी थीं और वह कारों के प्रति शौकीन था। आगे की जांच जारी है और इस मामले में और गिरफ्तारियां और बरामदगी की संभावना है।