×

पचपदरा रिफाइनरी में आग: उद्घाटन से पहले की घटना

राजस्थान के बालोतरा में पचपदरा रिफाइनरी में आग लग गई है, जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उद्घाटन से एक दिन पहले की घटना है। आग क्रूड डिस्टिलेशन यूनिट में लगी, जिससे कर्मचारियों ने फायर सेफ्टी सिस्टम सक्रिय किया। फायर ब्रिगेड ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का प्रयास किया। घटना के बाद सुरक्षा बढ़ा दी गई है और नेता प्रतिपक्ष ने इसे सरकार की लापरवाही बताया है। जानें इस घटना के बारे में और क्या जानकारी मिली है।
 

आग बुझाने में जुटी फायर ब्रिगेड


बालोतरा/बाड़मेर: राजस्थान के बालोतरा स्थित पचपदरा रिफाइनरी में आग लग गई है। यह घटना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा कल (21 अप्रैल) रिफाइनरी के उद्घाटन से एक दिन पहले हुई। सोमवार को दोपहर 2 बजे रिफाइनरी की क्रूड डिस्टिलेशन यूनिट में आग भड़क उठी। धुएं के गुबार को देखकर कर्मचारियों ने फायर सेफ्टी सिस्टम सक्रिय कर दिया।


सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं और आग बुझाने के प्रयास शुरू कर दिए गए। सुरक्षा के मद्देनजर पूरे क्षेत्र को खाली कराया गया और सभी कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। अभी तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। एचपीसीएल राजस्थान रिफाइनरी लिमिटेड में पाइपलाइन के माध्यम से आने वाला कच्चा तेल इसी यूनिट में प्रोसेस किया जाता है।


सभा स्थल से 800 मीटर दूर लगी आग


अधिकारियों के अनुसार, आग पर नियंत्रण पाने के बाद ही नुकसान और इसके कारणों का आकलन किया जा सकेगा। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री मोदी मंगलवार को पचपदरा रिफाइनरी का उद्घाटन करने वाले हैं।


जहां आग लगी है, वह स्थान सभा स्थल से 800 मीटर की दूरी पर है। इस सभा स्थल पर पीएम मोदी संबोधित करने वाले हैं। वहीं, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने इसे केवल एक हादसा नहीं, बल्कि सरकार की लापरवाही का परिणाम बताया है और घटना की पूरी जांच की मांग की है।