पप्पू यादव को बड़ा सड़क हादसा टला, सुरक्षा वाहन दुर्घटनाग्रस्त
कटिहार में हुआ हादसा
कटिहार: बिहार के पूर्णिया से निर्दलीय सांसद और कांग्रेस नेता पप्पू यादव एक गंभीर सड़क दुर्घटना से बच गए हैं। कटिहार जिले में एक कार्यक्रम में भाग लेने के दौरान उनके काफिले में शामिल सुरक्षा वाहन अचानक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस घटना में सांसद पूरी तरह सुरक्षित रहे, लेकिन एस्कॉर्ट वाहन में सवार एक पुलिसकर्मी को हल्की चोटें आई हैं। हादसे के बाद, सांसद ने अपना कार्यक्रम रद्द कर दिया और तुरंत पूर्णिया लौट गए।
सालमारी में निजी कार्यक्रम के लिए जा रहे थे
जानकारी के अनुसार, पप्पू यादव कटिहार जिले के सालमारी में एक निजी कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। जब उनका काफिला कटिहार के कदवा थाना क्षेत्र में कुम्हरी पेट्रोल पंप के पास पहुंचा, तभी सुरक्षा के लिए चल रही पुलिस की एस्कॉर्ट गाड़ी अचानक सड़क से उतर गई और दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस अप्रत्याशित घटना से काफिले में थोड़ी देर के लिए अफरा-तफरी मच गई।
पुलिसकर्मी को मामूली चोट, जांच जारी
दुर्घटना में एस्कॉर्ट वाहन में मौजूद एक पुलिसकर्मी को हल्की चोट आई है, जिनका प्राथमिक उपचार किया गया। इसके बाद, सांसद पप्पू यादव ने कुम्हरी से ही अपना दौरा स्थगित कर पूर्णिया के लिए रवाना हो गए। घटना की सूचना मिलते ही कदवा थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से दुर्घटनाग्रस्त पुलिस गाड़ी को सुरक्षित बाहर निकाला। राहत की बात यह है कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई और सभी लोग सुरक्षित हैं। स्थानीय पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि एस्कॉर्ट वाहन किस कारण से अनियंत्रित हुआ।