पूर्व सांसद ने महिला कांस्टेबल की बहादुरी के लिए सम्मान की मांग की
महिला कांस्टेबल अनीता की साहसिकता की सराहना
होशियारपुर: पूर्व सांसद अविनाश राय खन्ना ने अंबाला छावनी रेलवे स्टेशन पर अद्वितीय साहस का प्रदर्शन करने वाली रेलवे सुरक्षा बल (आर.पी.एफ.) की महिला कांस्टेबल अनीता को पुलिस वीरता पदक या त्वरित पदोन्नति देने की अपील की है।
खन्ना के कार्यालय से सचिव ज्योति कुमार जौली ने बताया कि खन्ना ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को एक पत्र भेजकर महिला कांस्टेबल के असाधारण साहस को मान्यता देने का अनुरोध किया है। पत्र में खन्ना ने उल्लेख किया कि अंबाला छावनी रेलवे स्टेशन पर अनीता ने विभिन्न घटनाओं में प्लेटफॉर्म और ट्रेन के बीच फंसे दो यात्रियों को अपनी सूझबूझ और त्वरित कार्रवाई से सुरक्षित बाहर निकाला।
उन्होंने कहा कि ऐसे बहादुर और कर्तव्यनिष्ठ पुलिसकर्मियों का सम्मान न केवल उनकी सेवाओं का उचित मूल्यांकन होगा, बल्कि इससे पूरे सुरक्षा बल का मनोबल भी बढ़ेगा और अन्य कर्मियों को भी उत्कृष्ट सेवा के लिए प्रेरणा मिलेगी। खन्ना ने विश्वास व्यक्त किया कि केंद्र सरकार महिला कांस्टेबल की वीरता का सम्मान करते हुए उसे उपयुक्त पुरस्कार या विशेष पदोन्नति प्रदान करेगी।