प्रियंका गांधी ने बिहार में वोटर अधिकार यात्रा के दौरान सरकार पर साधा निशाना
वोटर अधिकार यात्रा का 10वां दिन
Vote Adhikar Yatra Day 10: इंडिया अलायंस की 'वोटर अधिकार यात्रा' आज मंगलवार को अपने 10वें दिन में प्रवेश कर गई है। यह यात्रा अब सुपौल पहुंच चुकी है, जहां कांग्रेस सांसद महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और आरजेडी नेता तेजस्वी यादव के साथ तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी भी शामिल हुए। प्रियंका गांधी ने यात्रा का एक वीडियो साझा करते हुए बिहार की एनडीए सरकार पर तीखा हमला किया है।
वास्तव में, विपक्ष की 'वोटर अधिकार यात्रा' का उद्देश्य मतदाताओं के अधिकारों और कथित 'वोट चोरी' के मुद्दे को लोगों के बीच लाना है। प्रियंका गांधी ने मंगलवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, 'भाजपा ने जनता का विश्वास खो दिया है और अब देशभर में वोट चोरी की साजिशें रच रही है। बिहार में महंगाई, बेरोजगारी, पलायन और आर्थिक संकट जैसे मुद्दों पर बीजेपी-जेडीयू सरकार विफल रही है और अब वे जनता का वोट चुराकर सत्ता में बने रहना चाहती हैं। लाखों गरीब और वंचित नागरिकों से वोट का अधिकार छीना जा रहा है। संविधान ने हर भारतीय को वोट का अधिकार दिया है, जिसे कोई भी ताकत नहीं छीन सकती। हम गरीब जनता का एक भी वोट चोरी नहीं होने देंगे। जय संविधान!'
यह यात्रा इंडिया गठबंधन की 'वोटर अधिकार यात्रा' आज सुपौल से शुरू होकर मधुबनी जिले के फुलपरास, झंझारपुर और सकरी बाजार तक जाएगी। सुपौल में स्थानीय लोग इस यात्रा को लेकर उत्साहित नजर आ रहे हैं। यात्रा के दौरान दोपहर का भोजन फुलपरास में होगा। इसके बाद शाम को सकरी बाजार, मधुबनी में एक सभा का आयोजन किया जाएगा, जहां विपक्षी इंडिया अलायंस के नेता स्थानीय लोगों को संबोधित करेंगे। यात्रा का रात का ठहराव दरभंगा में होगा।