बलतेज पन्नू ने सुखबीर बादल के बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया दी
सुखबीर बादल के बयान पर आम आदमी पार्टी का हमला
चंडीगढ़: आम आदमी पार्टी (आप) के मीडिया इंचार्ज बलतेज पन्नू ने शिरोमणि अकाली दल के नेता सुखबीर सिंह बादल के हालिया बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। सुखबीर बादल ने फिरोजपुर में एक रैली के दौरान कहा था कि यदि अकाली दल सत्ता में आता है, तो गैंगस्टरों और ड्रग तस्करों को 'आतंकवादी' घोषित किया जाएगा। पन्नू ने इसे पंजाब की जनता के साथ 'भद्दा मजाक' बताया।
पन्नू ने बुधवार को पार्टी कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि सुखबीर बादल को यह लगता है कि पंजाब के लोग 2007 से 2017 के काले दौर को भूल चुके हैं। लेकिन सच्चाई यह है कि नशा और गैंगस्टरवाद की समस्या अकाली-भाजपा सरकार के दौरान ही बढ़ी। उन्होंने कहा, "2007 से पहले पंजाब में 'गैंगस्टर' शब्द का कोई अस्तित्व नहीं था। सुखबीर बादल के शासन में अपराधियों को राजनीतिक संरक्षण मिला।"
पन्नू ने अकाली दल की पुरानी घटनाओं का जिक्र किया
पन्नू ने कई पुरानी घटनाओं का उल्लेख करते हुए सवाल उठाए। उन्होंने पूछा, "अमृतसर में एएसआई की हत्या के बाद अकाली से जुड़े लोगों ने भांगड़ा क्यों किया? नाभा जेल ब्रेक कांड किसके समय हुआ? फरीदकोट में नाबालिग लड़की का अपहरण किसने किया? ये सब अकाली गुंडाराज की निशानियां हैं।" उन्होंने आरोप लगाया कि 2007-2012 के बीच नशे की दुकानें खुलीं और 2012 में सरकार दोबारा आने के बाद चिट्टा अपने चरम पर पहुंच गया।
पन्नू ने कहा, "जब पुलिस चिट्टा तस्करों को पकड़ती थी, तो आधे घंटे में अकाली नेताओं की तस्वीरें सामने आ जाती थीं और मंत्रियों की सिफारिश से उन्हें छुड़ा लिया जाता था। स्कूटर ठीक करने वाले लोग अरबों के मालिक कैसे बने? यह सब सुखबीर बादल के 10 साल के राज की देन है।"
कोटकपूरा गोलीकांड और बेअदबी मामलों का जिक्र
पन्नू ने व्यंग्य करते हुए कहा कि आज वही सुखबीर बादल पहली मीटिंग में कार्रवाई की बात कर रहे हैं, जो पूरी तरह हास्यास्पद है। उन्होंने कोटकपूरा गोलीकांड और बेअदबी मामलों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा, "बरगाड़ी और बुर्ज जवाहर सिंह वाला में श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की बेअदबी हुई। शांतिपूर्ण प्रदर्शन पर गोलियां किसने चलवाईं? सुखबीर बादल खुद कोटकपूरा गोलीकांड में आरोपी हैं और जमानत पर बाहर हैं। ऐसे लोग कानून-व्यवस्था की बात कैसे कर सकते हैं?"
आप नेता ने मुख्यमंत्री भगवंत मान की सरकार की तारीफ की। उन्होंने कहा, "मान सरकार ईमानदारी से नशे और गैंगस्टरों के खिलाफ जंग लड़ रही है। गांव स्तर तक समितियां बनी हैं और पुलिस मुस्तैदी से काम कर रही है। सुखबीर बादल को फिर सत्ता की भूख सता रही है ताकि वे दोबारा नशे का साम्राज्य खड़ा कर सकें।" अंत में बलतेज पन्नू ने सुखबीर बादल को चुनौती दी, "अगली रैली में पंजाबियों को बताएं कि 2007-17 में आपने क्या किया? चिट्टा कैसे आया? पंजाब की जनता का याददाश्त कमजोर नहीं है। वे अपनों के खून और बर्बाद युवाओं को नहीं भूलेंगे। मुंगेरी लाल के हसीन सपने देखना बंद करें, पंजाब आपकी असलियत पहचान चुका है।"