बस्ती में थानाध्यक्ष की आत्महत्या: हनीट्रैप और ब्लैकमेलिंग का खुलासा
बस्ती में थानाध्यक्ष की आत्महत्या का मामला
बस्ती। बस्ती के वाल्टरंगज के पूर्व थानाध्यक्ष सूर्य प्रकाश सिंह की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने महत्वपूर्ण जानकारी साझा की है। पुलिस ने एक हनीट्रैप और ब्लैकमेलिंग के जाल का पर्दाफाश करते हुए एक महिला सहित अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है। रिपोर्ट के अनुसार, एक महिला ने थानाध्यक्ष को हनीट्रैप में फंसाकर उनके निजी पलों का वीडियो बना लिया था और अब वह उनसे एक करोड़ रुपये की मांग कर रही थी। पुलिस ने इस मामले में महिला, उसके पिता और एक वकील को हिरासत में लिया है।
सूर्य प्रकाश सिंह का शव 29 अगस्त को उनके सरकारी आवास पर फंदे से लटका हुआ मिला था। वे मूल रूप से आजगढ़ के अतरौलिया थाना क्षेत्र के भीलमपुर छपरा के निवासी थे। उनकी आत्महत्या के बाद पुलिस ने जांच शुरू की, जिसमें कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए। थानाध्यक्ष के मोबाइल की जांच के बाद तीन संदिग्धों की पहचान की गई, जिनमें प्रियंका चौधरी, उसके पिता रामनयन चौधरी और वकील विजय प्रकाश शामिल थे। पुलिस ने इन तीनों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि मुख्य आरोपी प्रियंका चौधरी का अपने पति से 10 साल पहले अलगाव हो चुका है। वह मुंबई में ब्यूटी पार्लर और स्पा सेंटर में काम करती है और पैसे वाले व्यक्तियों को अपने जाल में फंसाकर उनके वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करती है। इसके लिए वह वाट्सएप और वीडियो कॉल का सहारा लेती है।
जिन ग्राहकों को वह फंसाती थी, उन्हें वीडियो कॉल पर अपने हाथ की नस काटकर खून निकलता हुआ दिखाकर भावनात्मक रूप से डराती थी और मोटी रकम की मांग करती थी। इस मामले में उसके पिता और वकील विजय प्रकाश भी शामिल थे। इससे पहले भी उन्होंने कई लोगों को इसी तरह से ठगा था।
महिला ने थानाध्यक्ष को भी अपने जाल में फंसाकर उनके निजी वीडियो बना लिए थे और लगातार पैसे की मांग कर रही थी। पुलिस के अनुसार, कई अन्य लोग भी इस जाल में फंसे हुए हैं।
पुलिस ने बताया कि घटना के दिन विजय प्रकाश ने सूर्य प्रकाश सिंह को दोपहर 1:41 बजे अंतिम कॉल की थी। आरोपियों ने उन्हें पैसे के लिए बातचीत करने के लिए बुलाया था और कहा था कि पैसे नहीं देने पर महिला आत्महत्या कर लेगी। एक करोड़ रुपये की मांग और मानसिक दबाव के कारण सूर्य प्रकाश सिंह परेशान थे, जिसके बाद उन्होंने आत्महत्या कर ली।