ब्रिटेन की अदालत ने नीरव मोदी के अपार्टमेंट की बिक्री को दी मंजूरी
नीरव मोदी के अपार्टमेंट की बिक्री की स्वीकृति
(अदिति खन्ना) लंदन, 30 सितंबर - ब्रिटेन की एक अदालत ने नीरव मोदी से संबंधित एक भव्य अपार्टमेंट की बिक्री को हरी झंडी दे दी है। हीरा व्यापारी नीरव मोदी (55) पर पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) के साथ दो अरब अमेरिकी डॉलर की धोखाधड़ी और धनशोधन के आरोप लगे हैं। वह 2019 में लंदन में गिरफ्तारी के बाद से जेल में हैं।
मास्टर जेम्स ब्राइटवेल ने मंगलवार को उच्च न्यायालय के ‘चांसरी डिवीजन’ में हुई सुनवाई के दौरान मध्य लंदन स्थित ‘103 मैराथन हाउस’ को न्यूनतम 37.5 लाख पाउंड में बेचने की अनुमति दी। इस मामले में ट्राइडेंट ट्रस्ट कंपनी (सिंगापुर) प्राइवेट लिमिटेड दावाकर्ता के रूप में शामिल थी। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने पहले यह तर्क दिया था कि ट्रस्ट की सभी आवश्यक देनदारियों का भुगतान करने के बाद बिक्री से प्राप्त राशि को एक सुरक्षित खाते में रखा जाए।
मास्टर ब्राइटवेल ने अपने आदेश में कहा, ‘स्वाभाविक रूप से शुरुआत इस बात से होनी चाहिए कि बकाया ऋण का भुगतान किया जाए। मौजूदा मामले में इसकी पुष्टि इस तथ्य से होती है कि अदालत ने 2023 में बिक्री का आदेश दिया था और 2024 में बिक्री मूल्य कम करने के लिए एक और आदेश भी जारी किया था, जिसे अंततः अन्य पक्षकारों की सहमति से पारित किया गया।’ नीरव मोदी दक्षिण-पश्चिम लंदन स्थित ‘एचएमपी वैंड्सवर्थ’ जेल में बंद हैं और उन्होंने इसी जेल से वीडियो लिंक के माध्यम से सुनवाई में भाग लिया। इस सप्ताह की सुनवाई में नीरव मोदी ने संपत्ति की बिक्री का विरोध किया।
इस बीच, सभी कानूनी विकल्प समाप्त होने के बाद, यह माना जा रहा है कि नीरव मोदी ने भारत प्रत्यर्पित होने से बचने के अंतिम प्रयास के रूप में राजनीतिक शरण के लिए एक नया दावा दायर किया है। उन्हें 19 मार्च 2019 को स्कॉटलैंड यार्ड के अधिकारियों ने प्रत्यर्पण वारंट के आधार पर मध्य लंदन स्थित मेट्रो बैंक की एक शाखा से गिरफ्तार किया था। एक अधिकारी ने उन्हें तब पहचाना जब वह बैंक खाता खोलने का प्रयास कर रहे थे।