भारत और अफगानिस्तान के बीच टेस्ट मैच में मानव सुथार का डेब्यू
भारत और अफगानिस्तान के बीच टेस्ट मुकाबला
न्यू चंडीगढ़: भारत और अफगानिस्तान के बीच एकमात्र टेस्ट मैच शनिवार को मुल्लांपुर के महाराजा यादवेंद्र सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में शुरू हुआ। भारतीय टीम के कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया है। इस मैच में मानव सुथार अपने टेस्ट करियर की शुरुआत कर रहे हैं।
23 वर्षीय मानव सुथार एक बाएं हाथ के स्पिन गेंदबाज हैं, जो बल्ले से भी महत्वपूर्ण योगदान देने की क्षमता रखते हैं। वह घरेलू क्रिकेट में राजस्थान का प्रतिनिधित्व करते हैं और 2022 में फर्स्ट क्लास क्रिकेट में कदम रखा था। अब तक उन्होंने 29 फर्स्ट क्लास मैचों में 25.76 की औसत से 129 विकेट लिए हैं।
लिस्ट-ए क्रिकेट में मानव ने 25 मैचों में 34 विकेट चटकाए हैं। 2023 के वनडे विश्व कप में नेट गेंदबाज के रूप में उन्होंने विराट कोहली और रोहित शर्मा को परेशान किया था। बल्ले से भी मानव ने 29 फर्स्ट क्लास मैचों में 945 रन बनाए हैं, जिसमें एक शतक और छह अर्धशतक शामिल हैं। लिस्ट-ए क्रिकेट में भी उन्होंने 350 रन बनाए हैं।
मानव को कुलदीप यादव से डेब्यू कैप मिली है और वह आईपीएल 2026 में गुजरात टाइटंस के लिए खेल चुके हैं, जहां उन्होंने चार मैचों में दो विकेट लिए थे। उनकी घूमती गेंदें अफगानिस्तान के बल्लेबाजों के लिए चुनौती बन सकती हैं।
मानव, 2021 के बाद भारत की ओर से डेब्यू करने वाले पहले स्पेशलिस्ट स्पिन गेंदबाज हैं। भारतीय टीम ने अफगानिस्तान के खिलाफ तीन स्पिनरों के साथ मैदान में उतरी है, जिसमें मानव के अलावा कुलदीप यादव और वॉशिंगटन सुंदर शामिल हैं। तेज गेंदबाजों में मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा को रखा गया है।