×

भारत और न्यूजीलैंड के बीच मुक्त व्यापार समझौता जल्द ही होगा: पीयूष गोयल

भारत और न्यूजीलैंड के बीच मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) पर बातचीत में तेजी आई है। केंद्रीय उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने न्यूजीलैंड पहुंचकर इस पर खुशी जताई है। उन्होंने कहा कि यह समझौता दोनों देशों के व्यापारिक संबंधों को मजबूत करेगा। पिछले वर्ष भारत-न्यूजीलैंड के बीच व्यापार में 49 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। गोयल ने निवेशकों और उद्योग जगत के नेताओं से मिलकर नए अवसरों की खोज करने की बात भी कही। न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री ने भी दोनों देशों के बीच संबंधों को और मजबूत करने की इच्छा जताई है।
 

भारत और न्यूजीलैंड के बीच एफटीए पर बातचीत


केंद्रीय उद्योग मंत्री ने दोनों देशों के बीच चल रही बातचीत पर जताई खुशी, कहा, दोनों देशों के लिए लाभकारी होगा एफटीए


बिजनेस डेस्क : भारत और न्यूजीलैंड के बीच जल्द ही मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा। यह समझौता दोनों देशों के व्यापारिक संबंधों को और मजबूत करेगा और भविष्य में व्यापार को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगा। यह बात वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने न्यूजीलैंड पहुंचने पर कही।


गोयल ने अपने समकक्ष टॉड मैक्ले के साथ प्रस्तावित एफटीए की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने सोशल मीडिया पर साझा किया कि न्यूजीलैंड पहुंचकर एफटीए वार्ताओं की प्रगति की समीक्षा करने पर उन्हें खुशी है। उन्होंने बताया कि दोनों देश एक व्यापक और पारस्परिक रूप से लाभकारी आर्थिक साझेदारी को तेजी से आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।


गोयल ने कहा कि वह निवेशकों और उद्योग जगत के नेताओं के साथ मिलकर दोनों देशों के बीच सहयोग और निवेश के नए अवसरों की खोज करेंगे।


पिछले साल दोनों देशों के बीच व्यापार

भारत-न्यूजीलैंड एफटीए वार्ता का चौथा दौर 3 नवंबर को आॅकलैंड में शुरू हुआ। यह वार्ता औपचारिक रूप से 16 मार्च, 2025 को आरंभ हुई थी। 2024-25 में भारत और न्यूजीलैंड के बीच द्विपक्षीय व्यापार 1.3 अरब डॉलर रहा, जो पिछले वर्ष की तुलना में लगभग 49 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाता है।


भारत द्वारा न्यूजीलैंड को निर्यात की जाने वाली प्रमुख वस्तुओं में वस्त्र, दवाएं, कृषि उपकरण, ऑटो, लोहा और इस्पात शामिल हैं। वहीं, प्रमुख आयातों में कृषि उत्पाद, खनिज, फल और मांस उत्पाद शामिल हैं।


न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री का बयान

पीयूष गोयल ने न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन से मुलाकात की। इस बैठक में लक्सन ने भारत-न्यूजीलैंड संबंधों को और मजबूत करने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि दोनों देशों की अर्थव्यवस्थाएं एक-दूसरे की पूरक हैं और मिलकर काम करने से पारस्परिक लाभ हो सकता है।


लक्सन ने यह भी कहा कि हमारे देशों के बीच कई ऐसे क्षेत्र हैं, जहां साझा हित हैं और हम मिलकर नए अवसरों की खोज कर सकते हैं।