☰
×

भारत ने गाजा में मानवीय सहायता के लिए अंतरराष्ट्रीय आह्वान का समर्थन किया

भारत ने गाजा में स्वास्थ्य और मानवीय सहायता की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए एक अंतरराष्ट्रीय आह्वान का समर्थन किया है। उप स्थायी प्रतिनिधि योजना पटेल ने इस संबंध में मीडिया संवाद में भाग लिया और क्षेत्र में स्थायी शांति की आवश्यकता पर जोर दिया। भारत ने नागरिकों की सुरक्षा और अंतरराष्ट्रीय मानवीय कानून के सम्मान को सुनिश्चित करने के लिए नए प्रयासों की बात की है।
 

गाजा में स्वास्थ्य सहायता के लिए भारत का समर्थन

(योषिता सिंह) संयुक्त राष्ट्र, 13 नवंबर - भारत उन 50 देशों में शामिल हो गया है, जिन्होंने सर्दियों की शुरुआत के साथ गाजा में स्वास्थ्य और मानवीय सहायता की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए एक आह्वान का समर्थन किया है। नई दिल्ली ने क्षेत्र में स्थायी शांति और स्थिरता के लिए नए प्रयासों की आवश्यकता पर भी जोर दिया।


भारत की उप स्थायी प्रतिनिधि, राजदूत योजना पटेल, ने बृहस्पतिवार को जॉर्डन, कतर और ब्रिटेन के नेतृत्व में 50 देशों के राजदूतों के साथ एक मीडिया संवाद में भाग लिया और गाजा में मानवीय सहायता और स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने के लिए इस आह्वान का समर्थन किया।


भारत के स्थायी मिशन ने शुक्रवार को ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘सर्दियों के आगमन के साथ, भारत गाजा में आम नागरिकों, विशेषकर महिलाओं और बच्चों के लिए सुरक्षित, निरंतर और बिना किसी रुकावट के मानवीय सहायता पहुंचाने के महत्व को दोहराता है।’’


मिशन ने आगे कहा, ‘‘हम नागरिकों की सुरक्षा और अंतरराष्ट्रीय मानवीय कानून के सम्मान को सुनिश्चित करने के साथ-साथ क्षेत्र में स्थायी शांति और स्थिरता के लिए नए प्रयास करने पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं।’’