भारत-नेपाल पत्रकारों के बीच क्रिकेट मैच से बढ़ेगा मित्रता का बंधन
भारत-नेपाल पत्रकार मैत्री क्रिकेट मैच का आयोजन
महराजगंज ब्यूरो: भारत और नेपाल के बीच ऐतिहासिक और गहरे संबंधों को और मजबूत करने के लिए लुंबिनी प्रेस क्लब, नेपाल द्वारा द्वितीय नेपाल-भारत पत्रकार मैत्री क्रिकेट मैच एवं सम्मान समारोह का आयोजन 26 जुलाई (रविवार) को सिद्धार्थ क्रिकेट रंगशाला, भैरहवा (नेपाल) में किया जाएगा। इस खेल में दोनों देशों के कई पत्रकार भाग लेंगे।
इस आयोजन से एक दिन पहले, शनिवार को भैरहवा के एक होटल में आयोजित प्रेस वार्ता में, नेपाली मीडिया टीम के कप्तान कमल रायमाझी और भारतीय टीम के कप्तान अमित त्रिपाठी ने विजेता और उपविजेता ट्रॉफी का अनावरण किया।
कमल रायमाझी ने प्रेस वार्ता में कहा कि भारत और नेपाल के बीच सदियों से चले आ रहे ऐतिहासिक, सांस्कृतिक, धार्मिक, सामाजिक और आर्थिक संबंधों को पत्रकारों की मदद से और मजबूत किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि इस खेल के माध्यम से दोनों देशों के पत्रकारों के बीच मित्रता और सहयोग को बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है।
रूपंदेही क्रिकेट संघ के अध्यक्ष हरि बहादुर थापा ने कहा कि ऐसे आयोजन न केवल दोनों देशों के संबंधों को नई ऊर्जा देते हैं, बल्कि भविष्य की पीढ़ियों को भी सहयोग और सद्भाव की प्रेरणा देते हैं।
भारतीय मीडिया टीम के कप्तान अमित त्रिपाठी ने कहा कि भारत और नेपाल के बीच 'रोटी-बेटी' के संबंध रहे हैं। लुंबिनी प्रेस क्लब द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता में भारतीय मीडिया टीम पूरे उत्साह के साथ भाग लेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि यह आयोजन दोनों देशों के पत्रकारों के बीच संबंधों को और मजबूत करेगा।
इस अवसर पर कार्यक्रम संयोजक भीम भंडारी, लुंबिनी प्रेस क्लब के उपाध्यक्ष दीपक घिमिरे, दीपेंद्र बडुवाल, संस्थापक अध्यक्ष माधव ढुंगाना, कुलमणी ज्ञवाली, शारदा मल्ल, शम्भू पंत, दीपेश पछाईं, कृष्ण ढकाल सहित भारत और नेपाल के कई पत्रकार उपस्थित रहे।
महराजगंज ब्यूरो प्रभारी विजय चौरसिया की रिपोर्ट