भारतीय रिजर्व बैंक की समिति की बैठक 5 अगस्त को, MSME के लिए प्रस्ताव तैयार
भारतीय रिजर्व बैंक की महत्वपूर्ण बैठक
जालंधर - लघु उद्योग भारती के अखिल भारतीय उपाध्यक्ष एडवोकेट अरविंद धुमल ने जानकारी दी है कि भारतीय रिजर्व बैंक की अधिकार प्राप्त समिति की बैठक 5 अगस्त को नई दिल्ली में आयोजित की जाएगी। इस बैठक में एम एस एम ई के लिए प्रस्ताव तैयार करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
इस प्रक्रिया के तहत, जनहित में उद्योग नीति बनाने के लिए लघु उद्योग भारती, जो कि देश का एकमात्र राष्ट्रव्यापी संगठन है, से सुझाव आमंत्रित किए गए हैं। लघु उद्योग भारती जनसंचार बोर्ड उत्तर क्षेत्र के प्रभारी विक्रान्त शर्मा ने बताया कि केंद्रीय सरकार ऐसे सुझावों को प्रमुख हितधारकों और उद्योग संघों की भागीदारी से विकसित करती है।
इस प्रक्रिया में उद्योग एवं आंतरिक व्यापार संवर्धन विभाग के आर्थिक सलाहकार कार्यालय की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। नीतिगत मामलों से संबंधित महत्वपूर्ण मुद्दों की समीक्षा की जाती है। श्री धूमल, जो जम्मू कश्मीर, पंजाब, चंडीगढ़, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा और दिल्ली के प्रभारी हैं, ने इन क्षेत्रों के प्रदेशाध्यक्षों से उद्योग के अनुकूल सुझाव आमंत्रित किए हैं। इन सुझावों को लघु उद्योग भारती के मुख्य कार्यालय में भेजा जाएगा।
देशभर से प्राप्त सुझावों के आधार पर मुख्य कार्यालय केंद्र सरकार को अपना पक्ष प्रस्तुत करेगा, ताकि देश के आर्थिक चक्र को गतिमान रखते हुए भारत को वैश्विक आर्थिक शक्ति के रूप में स्थापित किया जा सके।