भारतीय रेलवे का नया नियम: रात में मोबाइल चार्जिंग पॉइंट बंद रहेंगे
रेलवे का सुरक्षा कदम
नई दिल्ली। भारतीय रेलवे ने यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए रात 11 बजे से सुबह 5 बजे तक ट्रेनों में मोबाइल चार्जिंग पॉइंट को बंद रखने का निर्णय लिया है। रेलवे बोर्ड ने सभी जोनल रेलवे को इस नियम का कड़ाई से पालन करने का निर्देश दिया है। यह कदम दक्षिण पूर्व रेलवे में एक यात्री के मोबाइल चार्जिंग पॉइंट से धुआं निकलने और उसमें विस्फोट की घटना के बाद उठाया गया है। निर्देशों के अनुसार, ऑनबोर्ड स्टाफ को निर्धारित समय पर चार्जिंग पॉइंट बंद करने होंगे। अधिकारियों को औचक निरीक्षण करने और कर्मचारियों को आवश्यक प्रशिक्षण देने के लिए भी कहा गया है। रेलवे बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि इस नियम में कोई छूट नहीं होगी।
गौरतलब है कि रेलवे ने 25 अक्टूबर को ट्रेन में चार्जिंग के दौरान पावर बैंक के फटने की घटना के बाद सभी जोनल मुख्यालयों को आदेश जारी किया था। 25 अक्टूबर को मुंबई से हावड़ा जा रही ट्रेन 12809 मुंबई मेल के बोगी बी-3 में एक यात्री का पावर बैंक चार्जिंग के दौरान फट गया था।