भारतीय शेयर बाजार में हल्की बढ़त, सेंसेक्स और निफ्टी में सुधार
शेयर बाजार का प्रदर्शन
गुरुवार को घरेलू शेयर बाजारों में प्रमुख सूचकांकों में उतार-चढ़ाव देखने को मिला। बीएसई का सेंसेक्स 109.25 अंक (0.14 प्रतिशत) की वृद्धि के साथ 77,100.47 अंक पर बंद हुआ।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 सूचकांक भी 34.35 अंक यानी 0.14 प्रतिशत की बढ़त के साथ 24,056 अंक पर समाप्त हुआ। यह लगातार दूसरा दिन है जब दोनों प्रमुख सूचकांक मजबूत हुए हैं।
सेंसेक्स की शुरुआत 400 अंक की बढ़त के साथ 77,391 अंक पर हुई। दोपहर के समय यह 77,803 अंक तक पहुंच गया, लेकिन बाद में बिकवाली के दबाव के चलते 76,993 अंक तक गिर गया। इस प्रकार, इसमें 810 अंक का उतार-चढ़ाव देखा गया।
हालांकि, व्यापक बाजार में गिरावट रही। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 0.58 प्रतिशत और स्मॉलकैप-100 सूचकांक 0.47 प्रतिशत नीचे आया।
आईटी, धातु, फार्मा, टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद, रसायन और तेल एवं गैस क्षेत्र की कंपनियों पर दबाव बना रहा। वहीं, ऑटो, एफएमसीजी, बैंकिंग और रियल्टी समूहों के सूचकांकों में तेजी देखी गई।
सेंसेक्स की कंपनियों में विमान सेवा कंपनी इंडिगा का शेयर लगभग पांच प्रतिशत चढ़ा। महिंद्रा और महिंद्रा तथा मारुति सुजुकी के शेयर भी साढ़े तीन से चार फीसदी के बीच मजबूत हुए।
भारतीय स्टेट बैंक और आईसीआईसीआई बैंक के शेयरों में एक प्रतिशत की वृद्धि हुई। हिंदुस्तान यूनीलिवर, कोटक महिंद्रा बैंक, एलएंडटी, एचडीएफसी बैंक और रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर भी ऊपर बंद हुए।
हालांकि, पावरग्रिड का शेयर सवा दो फीसदी से अधिक गिर गया। बीईएल, टेक महिंद्रा, इंफोसिस, भारती एयरटेल, एनटीपीसी, बजाज फाइनेंस और एचसीएल टेक्नोलॉजीज के शेयरों में एक प्रतिशत से अधिक की गिरावट आई।