मध्य प्रदेश में कुएं के धंसने से पांच मजदूरों की मौत
मध्य प्रदेश में दर्दनाक हादसा
मध्य प्रदेश के पन्ना जिले में मंगलवार को एक गंभीर घटना घटी। यहां एक निर्माणाधीन कुएं का एक हिस्सा अचानक धंस गया, जिससे कई मजदूर मलबे के नीचे दब गए। इस हादसे में पांच मजदूरों की जान चली गई है। राहत और बचाव कार्य अभी भी जारी है।
जानकारी के अनुसार, पन्ना जिले के अजयगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम बिहारपुरवा में कुएं का निर्माण कार्य चल रहा था। अचानक कुएं का एक बड़ा हिस्सा धंस गया। जैसे ही हादसे की सूचना मिली, प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया।
सभी मजदूर एक ही यादव परिवार के सदस्य बताए जा रहे हैं, जो लंबे समय से कुएं खोदने का काम कर रहे थे। काम के दौरान अचानक मिट्टी भरभराकर गिर गई, जिससे मजदूरों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिला।
रेस्क्यू टीम ने अब तक दो मजदूरों के शव निकाल लिए हैं, जबकि अन्य मजदूरों को निकालने के लिए राहत कार्य जारी है। यह निजी कुआं था, जिसका निर्माण गांव के लोग कर रहे थे। अचानक मिट्टी का बड़ा हिस्सा गिरने से कुएं के अंदर मौजूद लोग इसकी चपेट में आ गए। पूरे इलाके में चीख-पुकार मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन, पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचे। राहत कार्य तुरंत शुरू किया गया, जिसमें जेसीबी मशीनों की मदद ली गई। मौके पर भारी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुटी हुई है और पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।