मध्य प्रदेश में जहरीली शराब से 11 लोगों की मौत, अधिकारियों पर कार्रवाई
जहरीली शराब से हुई मौतों की जांच शुरू
भोपाल। मध्य प्रदेश के सागर जिले में जहरीली शराब के सेवन से अब तक 11 लोगों की जान जा चुकी है। रविवार को यह जानकारी मिली कि शनिवार रात तीन और लोगों की मृत्यु हो गई। लगभग 35 लोग गंभीर स्थिति में हैं, जिनमें से कुछ के शरीर का रंग नीला पड़ गया है। इस घटना के बाद सहायक आबकारी आयुक्त कीर्ति दुबे, जिला आबकारी अधिकारी दिलीप खंडाते और बंडा के आबकारी उप निरीक्षक रोशनी उरेते को निलंबित कर दिया गया है। गूगरा चौकी प्रभारी एएसआई पूरन सिंह और बंडा थाना प्रभारी राजेंद्र कुशवाहा को भी निलंबित किया गया है। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा है कि किसी भी दोषी को नहीं बख्शा जाएगा।
जहरीली शराब से हुई मौतों की जांच का कार्य प्रारंभ हो चुका है। इससे पहले, सागर के आयुक्त, आईजी, कलेक्टर और एसपी ने ग्राम नौराज और गूगरा खुर्द का दौरा किया। अधिकारियों ने पीड़ित परिवारों से मुलाकात की और अस्पताल में भर्ती मरीजों के उपचार की व्यवस्था का निरीक्षण किया। एहतियात के तौर पर क्षेत्र की सात शराब दुकानों को सील कर दिया गया है। अधिकारी इन दुकानों से सैंपल लेकर जांच के लिए भेज रहे हैं।