मानसून की दस्तक: केरल में कल से शुरू होगा बारिश का मौसम
मानसून की शुरुआत की संभावना
आईएमडी द्वारा मौसम का पूर्वानुमान : भारतीय मौसम विभाग ने बताया है कि केरल के तटीय क्षेत्रों में कल, यानी 4 जून को दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगमन की पूरी संभावना है। यह देश में चार महीने तक चलने वाले मानसून सीजन की शुरुआत करेगा।
दिल्ली सहित उत्तर भारत में मौसम में बदलाव की उम्मीद है, जिससे गर्मी से राहत मिलेगी। वर्तमान में देश में लू की स्थिति समाप्त हो चुकी है।
केरल और कर्नाटक में बारिश का दौर
आईएमडी के अनुसार, केरल और कर्नाटक के तटीय क्षेत्रों में पहले से ही अच्छी बारिश हो रही है। तमिलनाडु के दक्षिण-पश्चिमी जिलों में अगले कुछ दिनों तक भारी वर्षा की संभावना है।
मौसम विभाग ने कोयंबटूर, तिरुनेल्वेली, कन्याकुमारी और इरोड सहित 15 जिलों में 7 जून तक भारी बारिश का अनुमान लगाया है। केरल के दक्षिणी हिस्सों में भी 5 जून तक मूसलाधार बारिश की चेतावनी दी गई है, जहां आॅरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
दिल्ली में आंधी-बारिश का येलो अलर्ट
दिल्ली में भी मौसम में बदलाव आ रहा है। मौसम विभाग ने 4 और 5 जून के लिए आंधी और बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है।
एक सक्रिय वेस्टर्न डिस्टर्बेंस और पूर्व-पश्चिम दिशा में बनी ट्रफ रेखा के प्रभाव से दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में मौसम गतिविधियों में तेजी आने की संभावना है।