मुंबई में आदित्य राम शंकर पर दुष्कर्म का आरोप
आदित्य राम शंकर के खिलाफ मामला दर्ज
मुंबई: सिंगर और म्यूजिक कम्पोजर आदित्य राम शंकर के खिलाफ जुहू पुलिस ने एक मामला दर्ज किया है। उन पर एक महिला के साथ शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया गया है। जुहू पुलिस स्टेशन के अधिकारियों ने बताया कि जल्द ही आदित्य को नोटिस भेजकर पूछताछ के लिए बुलाया जाएगा।
शिकायत के अनुसार, पीड़िता की आदित्य से पहचान एक साल पहले हुई थी, जब एक दोस्त के माध्यम से उनकी दोस्ती हुई। आरोप है कि आदित्य ने युवती को जुहू के एक होटल में ले जाकर शादी का झांसा देकर कई बार यौन शोषण किया। जब युवती ने शादी के लिए दबाव डाला, तो आदित्य टालमटोल करने लगा।
25 मई को जब पीड़िता ने आदित्य से फिर से पूछा कि उनकी शादी कब होगी, तो आदित्य ने कहा कि वे एक ही जाति के नहीं हैं, इसलिए शादी नहीं हो सकती। इस पर युवती को एहसास हुआ कि आदित्य ने उसे धोखा दिया है। पीड़िता ने आदित्य राम शंकर के खिलाफ त्वरित कार्रवाई की मांग की है।
इससे पहले, फिल्म 'धुरंधर' के प्रोडक्शन डिजाइनर सैनी एस. जोहरे के खिलाफ चंडीगढ़ पुलिस ने 26 मई को मामला दर्ज किया था। महिला ने आरोप लगाया था कि सैनी ने उसे काम के बहाने चंडीगढ़ के एक फाइव-स्टार होटल में बुलाया और वहां उसकी ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर यौन उत्पीड़न किया। फिल्म के प्रोडक्शन हाउस ने सैनी को यौन उत्पीड़न का दोषी पाया और उनके नाम को फिल्म के क्रेडिट्स से हटा दिया।