मुंबई में गणेश उत्सव के दौरान करंट लगने से दो की मौत, चार घायल
लालबाग गणेश पंडाल में हादसा
लालबाग गणेश पंडाल में हादसा: महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में गणेश उत्सव के दौरान एक दुखद घटना घटी है। लालबाग क्षेत्र में गणपति पंडाल के पास बिजली का करंट लगने से एक आठ वर्षीय बच्ची सहित दो लोगों की जान चली गई। इस घटना में चार अन्य लोग भी घायल हुए हैं।
जानकारी के अनुसार, यह घटना कालाचौकी में दत्ताराम लाड मार्ग पर स्थित सार्वजनिक उत्सव मंडल के पास तड़के लगभग 2:20 बजे हुई, जब लालबाग में गणेश उत्सव के चलते भारी भीड़ थी। मुंबई फायर ब्रिगेड को तड़के 2:42 बजे इस घटना की सूचना मिली, जिसके बाद फायर ब्रिगेड, पुलिस, BEST और सिविक वार्ड के कर्मचारी मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने बताया कि घटना के बाद पांच घायलों को बायकुला के मसीना अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि अन्य को परेल के ग्लोबल अस्पताल भेजा गया। मसीना अस्पताल में आठ साल की रागिनी घनश्याम यादव को मृत घोषित कर दिया गया। अन्य घायलों में किरण अकबर नाइक (19), तन्वी नरश हांडे (19), साहिल संदीप तारे (19) और रूही सिंह (12) शामिल हैं। बाद में एक महिला की भी ग्लोबल अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।