मुरादाबाद में लूट की घटना से फैली दहशत, सुरक्षा गार्ड घायल
मुरादाबाद में सनसनीखेज लूट
मुरादाबाद: मुरादाबाद के प्रतिष्ठित मानसरोवर कॉलोनी में एक चौंकाने वाली लूट की घटना सामने आई है। यहां के जाने-माने निर्यातक अरविंद वडेरा के निवास पर बदमाशों ने धावा बोलकर लूटपाट की। आरोपियों ने घर में घुसकर न केवल सामान चुराया, बल्कि ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा गार्ड को भी गंभीर रूप से घायल कर दिया। बताया जा रहा है कि गार्ड की गर्दन पर चाकू रखा गया और जब उसने विरोध किया, तो उसकी ऊंगली काट दी गई। गार्ड की स्थिति गंभीर बनी हुई है। फैक्ट्री के कर्मचारियों ने तुरंत पुलिस को सूचित किया और गार्ड को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। यह घटना सपा विधायक के घर के पास हुई है।
घटना की जानकारी मिलते ही मझोला थाना प्रभारी रविंद्र कुमार भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। मानसरोवर कॉलोनी में हुई इस लूट ने क्षेत्र के निवासियों में दहशत फैला दी है। औद्योगिक क्षेत्र के फैक्ट्री मालिकों में भय का माहौल है, जिसके चलते व्यापारिक संगठनों ने पुलिस से रात में गश्त बढ़ाने की मांग की है। मझोला थाना प्रभारी ने कहा कि यह घटना संदिग्ध प्रतीत होती है। उन्होंने बताया कि अरविंद वडेरा शहर से बाहर थे और केवल गार्ड और एक कर्मचारी कमलेश शाह ही वहां मौजूद थे। पुलिस इस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है और सीसीटीवी फुटेज की समीक्षा कर रही है। जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
सपा विधायक का बयान:
पीतल कारोबारी अरविंद वडेरा के पड़ोसी, संभल जनपद के असमोली विधानसभा से सपा विधायक ने कहा कि इस पाश इलाके में लूट होना बेहद चौंकाने वाला है। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो चुकी है। सरकार का दावा है कि अपराधी प्रदेश छोड़कर भाग गए हैं, लेकिन इस तरह की घटनाएं इसके विपरीत हैं। इस लूट ने मानसरोवर कॉलोनी में भय का माहौल बना दिया है।