मेक्सिको में स्कूलों में मोबाइल फोन पर प्रतिबंध: बच्चों के अधिकारों की सुरक्षा के लिए कदम
मेक्सिको में मोबाइल फोन का स्कूलों में प्रतिबंध
कुलियाकन (मेक्सिको), 2 नवंबर (एपी) - मेक्सिको की संघीय सरकार ने बच्चों और किशोरों के इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के उपयोग को सीमित करने के लिए एक नया कदम उठाया है। मंगलवार से, विद्यालयों में मोबाइल फोन का उपयोग प्रतिबंधित किया जाएगा। पिछले दस वर्षों में, 100 से अधिक देशों ने इसी तरह के उपाय किए हैं। राष्ट्रपति क्लाउडिया शीनबाम की इस पहल को विशेषज्ञों का समर्थन प्राप्त है।
विशेषज्ञों का मानना है कि इस निर्णय से बच्चों और किशोरों के तकनीकी उपयोग में कमी आएगी, जिससे उनकी एकाग्रता, तनाव और चिंता जैसी समस्याओं में कमी आएगी। मेक्सिको के अधिकारी इस महीने ऐसे नियम लागू करने की योजना बना रहे हैं, जिनके तहत डिजिटल प्लेटफार्मों को नफरत फैलाने वाले भाषण, दुर्व्यवहार, यौन हिंसा, उत्पीड़न, ऑनलाइन धमकाने और अन्य अवैध सामग्री वाले पोस्ट हटाने होंगे। हालांकि, मोबाइल फोन पर प्रतिबंध के खिलाफ कुछ क्षेत्रों में विरोध शुरू हो गया है।
कुछ अभिभावकों को चिंता है कि देश में बढ़ती हिंसा के कारण वे अपने बच्चों से संपर्क नहीं कर पाएंगे। इस हिंसा का बच्चों और किशोरों पर भी नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है। बच्चों के अधिकारों के लिए काम करने वाले नागरिक संगठनों के गठबंधन ‘नेटवर्क फॉर चिल्ड्रन्स राइट्स इन मेक्सिको’ (रेडिम) के अनुसार, इस वर्ष की पहली छमाही में 17 वर्ष से कम उम्र के हर 10 बच्चों में से एक बच्चा संगठित अपराध से जुड़े अपराधों का शिकार हुआ।
सिनालोआ में ‘नेशनल यूनियन ऑफ पैरेंट्स’ के राज्य प्रतिनिधि फ्रांसिस्को ऑर्टिज ने कहा, ‘‘मुझे नहीं लगता कि अभिभावक अपने बच्चों को डिजिटल माध्यम से संपर्क करने की सुविधा नहीं देने पर सहमत होंगे, खासकर जब बच्चे स्कूल के बजाय घर पर अधिक समय बिता रहे हैं।’’ उन्होंने सरकार पर अभिभावकों की राय की अनदेखी करने और ऐसे नियमों को लागू करने का आरोप लगाया, जो ‘‘बच्चों के संबंध में निर्णय लेने के अभिभावकों के अधिकार के खिलाफ हैं।’’
शीनबाम के आदेश के अनुसार, प्राथमिक और माध्यमिक विद्यालयों में स्कूली समय के दौरान मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का उपयोग प्रतिबंधित रहेगा। हालांकि, शिक्षकों की देखरेख में पढ़ाई के लिए या व्यक्तिगत आपात स्थिति, शारीरिक अक्षमता और स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों के लिए इनका उपयोग किया जा सकेगा। छात्र स्कूल आते-जाते समय अपने साथ मोबाइल फोन रख सकेंगे।