मौसम अपडेट: अगले तीन दिन रहेगा साफ, तापमान में वृद्धि की संभावना
भारतीय मौसम विभाग का ताजा अपडेट
भारतीय मौसम विभाग ने जारी किया ताजा अपडेट, लोगों को अलर्ट रहने की दी सलाह
Weather Update Today: नई दिल्ली - दिल्ली-एनसीआर और उत्तर भारत के अन्य मैदानी क्षेत्रों में अगले तीन दिनों तक मौसम साफ रहने की उम्मीद है, साथ ही तापमान में वृद्धि की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन दिनों में आसमान साफ रहेगा और तेज धूप देखने को मिलेगी।
इससे दिन के तापमान में तीन से चार डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम 21 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। विशेषज्ञों ने सलाह दी है कि लोग दोपहर में धूप में बाहर जाने से बचें। डॉक्टरों ने पर्याप्त पानी पीने और हल्के कपड़े पहनने की सलाह दी है।
हालांकि, तमिलनाडु, केरल और पूर्वोत्तर राज्यों में भारी बारिश और तेज हवाओं के लिए अलर्ट जारी किया गया है।
जैसलमेर में तापमान 45 डिग्री पार
आईएमडी के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव उत्तर भारत के पहाड़ी क्षेत्रों में बना हुआ है। 10 मई से एक नया पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों के मौसम को प्रभावित कर सकता है। राजस्थान के जैसलमेर में अधिकतम तापमान 45.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस सीजन की गर्मी का संकेत है। हाल के दिनों में हुई बारिश के बाद दिल्ली-एनसीआर में मौसम में थोड़ी राहत मिली थी, लेकिन अब फिर से तेज गर्मी लौटने के संकेत हैं।
मई के पहले आठ दिन राहत से गुजरे
यह ध्यान देने योग्य है कि 20 से 30 अप्रैल के बीच उत्तर भारत में गर्मी अचानक बढ़ गई थी, जहां अधिकांश स्थानों का तापमान 40 डिग्री के पार चला गया था। लेकिन मई की शुरुआत के साथ मौसम ने बदलाव दिखाया। कई पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हुए, जिससे तेज हवाओं और हल्की बूंदाबांदी के कारण तापमान में गिरावट आई। आठ मई तक, उत्तर भारत के अधिकांश स्थानों पर तापमान सामान्य या सामान्य से कम रहा, जिससे मई का पहला सप्ताह लोगों के लिए राहत भरा रहा।