यमुना एक्सप्रेसवे पर भीषण सड़क दुर्घटना में चार की मौत, 25 घायल
मथुरा में सड़क हादसा
मथुरा: यमुना एक्सप्रेसवे पर थाना राया क्षेत्र में मंगलवार की सुबह एक गंभीर सड़क दुर्घटना में चार व्यक्तियों की जान चली गई, जबकि 20 से 25 लोग घायल हो गए। यह घटना माइलस्टोन 112-113 के बीच सुबह लगभग 3:35 बजे हुई, जब गोला बस सर्विस की एक वोल्वो बस एक ट्रेलर से टकरा गई।
पुलिस के अनुसार, हादसे के समय बस में लगभग 65 यात्री मौजूद थे। टक्कर इतनी भयंकर थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण), क्षेत्राधिकारी महावन और थाना प्रभारी राया पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। एसडीआरएफ और अग्निशामक दल ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया। बचाव दल ने बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला और घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से मथुरा के जिला अस्पताल में भेजा।
पुलिस ने बताया कि इस दुर्घटना में चार लोगों की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि लगभग 20 से 25 यात्री घायल हुए हैं। सभी घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। मृतकों की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
इस बीच, पुलिस ने घटनास्थल पर यातायात को सुचारु करने के साथ-साथ आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।