×

युवाओं की शक्ति: विकसित भारत की दिशा में अनुराग सिंह ठाकुर का संदेश

हरिद्वार में आयोजित राष्ट्रीय युवा सम्मेलन में पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने युवाओं को स्वामी विवेकानंद के मार्ग पर चलने और राष्ट्र निर्माण में अपनी ऊर्जा लगाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि आज का युवा भाग्यशाली है, क्योंकि वर्तमान व्यवस्था उनके सपनों के साथ खड़ी है। अनुराग ने युवाओं से ठोस लक्ष्यों पर ध्यान केंद्रित करने का आग्रह किया और कहा कि भारत का भविष्य नई पीढ़ी के कंधों पर है।
 

राष्ट्रीय युवा दिवस पर युवाओं को प्रेरित करते हुए अनुराग सिंह ठाकुर

देहरादून: पूर्व केंद्रीय मंत्री और हमीरपुर के सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने आज हरिद्वार में दिव्य प्रेम सेवा मिशन द्वारा आयोजित राष्ट्रीय युवा सम्मेलन में हजारों युवाओं को संबोधित किया। उन्होंने युवाओं से स्वामी विवेकानंद के मार्ग पर चलने और अपनी ऊर्जा को राष्ट्र निर्माण में लगाने का आह्वान किया। इस सम्मेलन में दिव्य प्रेम सेवा मिशन के अध्यक्ष आशीष गौतम, देवप्रयाग विधायक विनोद कंडारी और पतंजलि योगपीठ के महामंत्री आचार्य बालकृष्ण की उपस्थिति रही।


अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा, "स्वामी विवेकानंद की जयंती पर हम उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं। युवा समाज का आधार हैं और उनकी ऊर्जा और नए विचार किसी भी देश को प्रगति की ओर ले जा सकते हैं। स्वामी विवेकानंद ने हमेशा युवाओं को जागरूक और जिम्मेदार बनने का संदेश दिया। उनका जीवन इस बात का प्रमाण है कि आत्मविश्वास और मेहनत से कोई भी कार्य संभव है।"


उन्होंने आगे कहा, "भारत आज जिस स्थिति में है, वहाँ से हमें एक स्वर्णिम भविष्य दिखाई दे रहा है। स्वामी विवेकानंद ने जिस भारत का सपना देखा था, उसे पूरा करने का कार्य आज की युवा पीढ़ी कर रही है। हमारा लक्ष्य 2047 तक भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाना है, और इसके लिए युवाओं का सहयोग आवश्यक है।"


अनुराग ने कहा, "आज की युवा पीढ़ी भाग्यशाली है क्योंकि वर्तमान व्यवस्था उनके सपनों के साथ खड़ी है। पहले का माहौल निराशा से भरा था, लेकिन आज 'डिजिटल इंडिया', 'स्टार्टअप इंडिया' और 'खेलो इंडिया' जैसे मिशन हर प्रतिभा को अवसर प्रदान कर रहे हैं। हम चाहते हैं कि युवा केवल नौकरी की तलाश में न रहें, बल्कि नेतृत्व करें।"


उन्होंने युवाओं से आग्रह किया कि वे तात्कालिक लोकप्रियता के पीछे न भागें, बल्कि ठोस लक्ष्यों पर ध्यान केंद्रित करें। आज का भारत आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रहा है और नई पीढ़ी पर इस विकास की जिम्मेदारी है। मोदी जी का मानना है कि आज की Gen Z और Gen Alpha ही भारत को विकसित बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।"