यूपी के पूर्व कृषि मंत्री आनंद सिंह का निधन, गोंडा में शोक की लहर
गोंडा में शोक की लहर
गोंडा। उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले के प्रमुख नेता और पूर्व कृषि मंत्री आनंद सिंह का रविवार रात लखनऊ में निधन हो गया। उनकी उम्र 86 वर्ष थी। अचानक स्वास्थ्य बिगड़ने के बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनके निधन की सूचना से जिले में शोक की लहर फैल गई है। मनकापुर कोट पर सन्नाटा छा गया है। वर्तमान में उनके बेटे कीर्तिवर्धन सिंह गोंडा से भाजपा सांसद हैं और भारत सरकार में विदेश राज्य मंत्री के रूप में कार्यरत हैं।
राजनीतिक यात्रा
राजा आनंद सिंह का जन्म 4 जनवरी 1939 को हुआ था। उन्होंने 1971 में कांग्रेस के टिकट पर गोंडा लोकसभा सीट से चुनाव जीतकर संसद में कदम रखा। इसके बाद वे 1980, 1984 और 1989 में भी सांसद बने। कुल मिलाकर, वे चार बार गोंडा से लोकसभा सांसद रहे। 1991 में राम लहर के दौरान उन्हें बृजभूषण शरण सिंह से हार का सामना करना पड़ा। 1996 में समाजवादी पार्टी से चुनाव लड़ा, लेकिन इस बार उनकी पत्नी केतकी देवी सिंह ने भाजपा के उम्मीदवार के रूप में उन्हें हराया। इसके बाद उन्होंने संसदीय चुनावों से दूरी बना ली।
सक्रिय राजनीति से संन्यास
वर्ष 2012 में, उन्होंने समाजवादी पार्टी के टिकट पर गौरा विधानसभा सीट से जीत हासिल की और मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की सरकार में कृषि मंत्री बने। इसके बाद उन्होंने सक्रिय राजनीति से संन्यास ले लिया।
‘यूपी टाइगर’ के नाम से जाने जाते थे
राजा आनंद सिंह को उनके समर्थक ‘यूपी टाइगर’ के नाम से जानते थे। पूर्वांचल की राजनीति में उनका गहरा प्रभाव था। उनके करीबी केबी सिंह के अनुसार, कांग्रेस के समय में उन्हें सादा सिंबल दिया जाता था और वे जिसे चाहें, टिकट दे देते थे।
“जिसके सिर पर मनकापुर कोट का हाथ होता था, वह सांसद, विधायक, जिला पंचायत अध्यक्ष या ब्लॉक प्रमुख बनता था,” यह बात आम लोगों के बीच प्रचलित थी।
जनता से गहरा जुड़ाव
पूर्व मंत्री आनंद सिंह को उनके सरल व्यक्तित्व, मिलनसार स्वभाव और जनहित की राजनीति के लिए जाना जाता था। उनके निधन से न केवल राजनीतिक क्षेत्र में बल्कि आम जनता में भी शोक की लहर है। सोमवार को उनका पार्थिव शरीर मनकापुर कोट लाया गया, जहां अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं। अंतिम संस्कार की तैयारी उनके पारिवारिक परंपराओं के अनुसार की जा रही है।