यूरोप में विमानों को बम से उड़ाने की धमकी, सुरक्षा बढ़ाई गई
यूरोप में हड़कंप: 7 विमानों को मिली बम की धमकी
नई दिल्ली - यूरोप के विभिन्न देशों में गुरुवार को एक गंभीर स्थिति उत्पन्न हो गई, जब अलग-अलग एयरलाइंस के सात विमानों को बम से उड़ाने की धमकियां मिलीं। इन धमकियों में फिनलैंड, इटली, फ्रांस, चेक गणराज्य और बुल्गारिया से संबंधित उड़ानें शामिल थीं। सुरक्षा एजेंसियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए कई विमानों के रूट में बदलाव किया, जबकि कुछ विमानों को फाइटर जेट की सुरक्षा में एयरपोर्ट पर उतारा गया। हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि इन धमकियों के पीछे कौन है। उल्लेखनीय है कि दो दिन पहले भी यूरोप में लगभग 10 विमानों को इसी तरह की धमकियां मिली थीं, लेकिन जांच में वे सभी झूठी साबित हुई थीं।
आयरलैंड से इटली जा रही फ्लाइट को फ्रांस में डायवर्ट किया गया
बम की धमकी मिलने के बाद, आयरलैंड से इटली जा रही एर लिंगस एयरलाइन की एक फ्लाइट को फ्रांस की ओर मोड़ना पड़ा। फ्रांस की वायुसेना ने विमान की सुरक्षा के लिए फाइटर जेट तैनात किए और इसे नॉर्मंडी स्थित एव्रू सैन्य एयरबेस पर सुरक्षित रूप से उतारा गया। फ्रांस के प्रधानमंत्री सेबेस्टियन लेकॉर्नू के कार्यालय के अनुसार, विमान में 151 यात्री और 6 क्रू मेंबर थे, जिन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इसके बाद बम निरोधक दस्ते ने विमान की गहन जांच शुरू की।
फिनलैंड और पोलैंड की उड़ानों को भी मिली धमकी
हेलसिंकी से रोम जा रही फिनएयर की फ्लाइट को धमकी मिलने के बाद इतालवी फाइटर जेट की निगरानी में रोम पहुंचाया गया। एयरपोर्ट पर बम निरोधक विशेषज्ञों ने विमान की जांच की। इसी तरह, हेलसिंकी से वियना जा रही जेटटाइम की एक उड़ान को भी धमकी मिली, जिसके बाद उसका मार्ग बदलकर ऑस्ट्रिया की राजधानी में सुरक्षित लैंडिंग कराई गई। इसके अलावा, मिलान से वॉरसॉ जा रही विज एयर की फ्लाइट को भी बम की धमकी मिलने के बाद वियना डायवर्ट किया गया।
बुल्गारिया और चेक गणराज्य में सुरक्षा बढ़ाई गई
बुल्गारिया की राजधानी सोफिया जा रही रयानएयर की तीन उड़ानों को बम से उड़ाने की धमकी मिली। इनमें से दो विमान कोपेनहेगन और मैड्रिड से आ रहे थे, जिन्हें सोफिया एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतारा गया। लंदन से आने वाली तीसरी फ्लाइट को डायवर्ट कर बुल्गारिया के दूसरे सबसे बड़े शहर प्लोवदिव में उतारा गया। इसके अलावा, चेक गणराज्य की राजधानी प्राग जाने वाली चार उड़ानों को भी बम की धमकी मिलने की सूचना मिली। इसके बाद एयरपोर्ट प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को कड़ा करते हुए विमानों की आपातकालीन लैंडिंग के लिए तैयारियां शुरू कर दीं।