योगी आदित्यनाथ ने किसानों के लिए ऋण योजना का किया शुभारंभ
मुख्यमंत्री की नई योजना का आगाज़
आगरा। आगरा विकास भवन में बुधवार को भारत टैक्सी और मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना का वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उद्घाटन किया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लघु और सीमांत किसानों के लिए छह लाख रुपये तक के ऋण की पेशकश की। यह ऋण 11 प्रतिशत की जगह केवल छह प्रतिशत ब्याज दर पर उपलब्ध होगा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि जो किसान समय पर अपनी किस्तें चुकाएंगे, उन्हें सरकार से अनुदान प्राप्त होगा। ऋण स्वीकृति की प्रक्रिया पूरी तरह से ऑनलाइन होगी। मुख्य अतिथि एमएलसी विजय शिवहरे ने कहा कि इस योजना से किसानों को सशक्त और समृद्ध बनाने में मदद मिलेगी।
इस ऋण का उपयोग किसान आधुनिक कृषि उपकरण खरीदने और अन्य आवश्यक कार्यों में कर सकेंगे। कार्यक्रम में सहकारी बैंक के अध्यक्ष प्रदीप भाटी, डीआर सहकारिता आदित्य दुबे, एआर सहकारिता सतीश कुमार और एलडीबी आरएम भूपेंद्र सिंह भी उपस्थित रहे।