योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में 'हर घर तिरंगा' अभियान की शुरुआत की
मुख्यमंत्री का तिरंगा यात्रा का शुभारंभ
लखनऊ : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को लखनऊ में 'हर घर तिरंगा' अभियान का उद्घाटन किया। इसके बाद, उन्होंने भाजपा नेताओं, जनप्रतिनिधियों, युवाओं, महिलाओं और कलाकारों के साथ मुख्यमंत्री आवास से विधान भवन तक तिरंगा यात्रा निकाली। इस दौरान, मुख्यमंत्री ने तिरंगा फहराते बच्चों के साथ सेल्फी ली और उनकी हौसला अफजाई की। शुभारंभ स्थल पर वंदे मातरम का सामूहिक गान भी किया गया। उन्होंने स्वतंत्रता दिवस की अग्रिम बधाई देते हुए सभी से अपील की कि हर घर में तिरंगा फहराएं। मुख्यमंत्री ने तिरंगे को सादगी, विकास, विरासत और भारत की आन-बान-शान का प्रतीक बताया।
शहीदों को किया याद
मुख्यमंत्री ने देश की रक्षा के लिए बलिदान देने वाले शहीदों को किया याद
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी द्वारा क्रांतिकारियों और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के प्रति कृतज्ञता ज्ञापित करने के लिए पूरे देश में तिरंगा यात्रा का शुभारंभ किया जा रहा है। उन्होंने भारत की आजादी के लिए बलिदान देने वाले क्रांतिकारियों, सैनिकों और संविधान निर्माताओं जैसे राजेंद्र प्रसाद, बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर और लौहपुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल को भी याद किया।
तिरंगा का महत्व
‘हर घर तिरंगा अभियान’ के अंतर्गत लखनऊ में ‘तिरंगा यात्रा युवाओं के साथ’ कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर…
https://t.co/zBlUxLeJp3— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) August 9, 2026
यह नहीं हो सकता कि रहेंगे भारत में और यहां के प्रतीकों को अपमानित करेंगे
मुख्यमंत्री ने कहा कि तिरंगा सादगी, विकास, विरासत और भारत की आन-बान-शान का प्रतीक है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत के प्रतीकों के प्रति सर्वोच्च सम्मान बनाए रखने के लिए राष्ट्रगान व राष्ट्रगीत का अपमान करने वालों को दंडित करने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि अब यह नहीं हो सकता कि रहेंगे भारत में लेकिन भारत के प्रतीकों, महापुरुषों, राष्ट्रगान-राष्ट्रगीत को अपमानित करेंगे।
युवाओं के लिए प्रेरणा
राष्ट्र प्रथम का मंत्र हर युवा के लिए प्रेरणा
मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रगीत के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में देश में वंदे मातरम का गान हो रहा है। आज काकोरी ट्रेन एक्शन का 101वां पर्व भी है। 1925 में आज के ही दिन पं. रामप्रसाद बिस्मिल, ठाकुर रोशन सिंह, अशफाक उल्ला खां ने काकोरी ट्रेन एक्शन को अंजाम देकर ब्रिटिशरों की चूलों को हिलाया था। यह तिरंगा यात्रा हुतात्माओं के प्रति कृतज्ञता ज्ञापित करने और पीएम मोदी के राष्ट्र प्रथम के मंत्र को आगे बढ़ाने का संकल्प भी है। यह मंत्र भारत के हर युवा के लिए प्रेरणा है।
युवाओं की भागीदारी
देश की हर चुनौती का सामना करने का सामर्थ्य रखता है युवा
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवा प्रतिभाशाली और ऊर्जा का प्रतीक है और वह देश की हर चुनौती का सामना करने का सामर्थ्य रखता है। युवा ऊर्जा को आगे बढ़ने के लिए उचित प्लेटफॉर्म हो, वह परंपरागत पाठ्यक्रम के साथ-साथ देश और समाज की चुनौतियों का सामना करने के लिए खुद को तैयार कर सके। इस भाव के साथ भारतीय जनता पार्टी की तरफ से पूरे देश में तिरंगा यात्रा का शुभारंभ किया जा रहा है।
तिरंगा यात्रा में युवाओं की उपस्थिति
बलिदानी क्रांतिकारियों के प्रति कृतज्ञता ज्ञापित कर रहे तिरंगा यात्रा में शामिल 25-30 हजार युवा
तिरंगा यात्रा में युवाओं की उपस्थिति से गद्गद मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि ‘राष्ट्र प्रथम’ और ‘तेरा वैभव अमर रहे मां, हम दिन चार रहें न रहें’ के संकल्प को लेकर जिन हुतात्माताओं ने राष्ट्र के प्रति सर्वोच्च बलिदान दिया, लखनऊ में 25-30 हजार युवा इस तिरंगा यात्रा में सहभागी बनकर उन सभी के प्रति कृतज्ञता ज्ञापित कर रहे हैं। यह अपार ऊर्जा राष्ट्रभक्ति के प्रति बलिदान होने वाले क्रांतिकारियों व स्वाधीनता संग्राम सेनानियों के प्रति हमारी कृतज्ञता है।
प्रधानमंत्री मोदी का दृष्टिकोण
कुछ लोगों के लिए सत्ता सर्वोपरि थी, पीएम मोदी के लिए राष्ट्र प्रथम
सीएम ने कहा कि राष्ट्रगीत-राष्ट्रगान व राष्ट्र के प्रतीकों के प्रति जो कार्य 1947 के तत्काल बाद होना चाहिए, उसे 75 वर्ष क्यों लगे क्योंकि कुछ लोगों के लिए सत्ता सर्वोपरि थी, लेकिन पीएम मोदी के लिए राष्ट्र प्रथम है। उन्होंने भारत के प्रतीकों, युवाओं, गरीबों, आधी आबादी, किसानों के लिए नई योजनाओं के साथ आगे बढ़ने के लिए उचित मंच देकर आदर्श प्रस्तुत किया है। यह तिरंगा यात्रा उसी आदर्श की अभिव्यक्ति है।
तिरंगा फहराने की अपील
आप भी अपने घरों पर फहराएं तिरंगा
सीएम ने कहा कि तिरंगा के प्रति सम्मान हो, इसके लिए पीएम मोदी ने उसके कोड में संशोधन करके अनिवार्य कर दिया है कि अब आप अपने घर में भी इसे फहरा सकते हैं। कांग्रेस के समय इसके लिए न्यायालय में शरण लेकर लड़ाई लड़नी पड़ती थी तब लोग तिरंगा को घर में लगा पाते थे, लेकिन पीएम मोदी ने 140 करोड़ भारतीयों को आजादी दी कि भारत के आन-बान-शान के प्रतीक तिरंगा को आप भी घर पर लगाएं।
तिरंगा यात्रा का समापन
राष्ट्रभक्ति व अनुशासन का दिखा अद्भुत संगम
मुख्यमंत्री ने वंदे मातरम व भारत मां की जय के उद्घोष के साथ ही अनुशासन पूर्वक विधान भवन तक तिरंगा यात्रा निकलने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री के आह्वान पर पूरे रास्ते में राष्ट्रभक्ति व अनुशासन का अद्भुत संगम दिखा। मुख्यमंत्री हाथों में तिरंगा लिए नन्हे-मुन्नों के साथ ही संगठन व सरकार के शीर्षस्थ लोगों संग राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत देशभक्ति गीतों के बीच 5 कालिदास मार्ग से विधान भवन तक तिरंगा यात्रा में शामिल हुए। विधान भवन के सामने मुख्यमंत्री ने गुब्बारा उड़ाकर यात्रा को पूर्णता प्रदान की।