रिहाना के घर पर फायरिंग की घटना, संदिग्ध महिला गिरफ्तार
रिहाना के बेवर्ली हिल्स स्थित बंगले पर फायरिंग
लॉस एंजेल्स: हॉलीवुड की प्रसिद्ध पॉप गायिका रिहाना के निवास पर रविवार दोपहर एक अज्ञात महिला द्वारा फायरिंग की गई, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पुलिस के अनुसार, हमलावर ने बंगले के बाहर से लगभग 10 राउंड गोलियां चलाईं, जिससे पूरा इलाका दहल उठा।
एक गोली बंगले की दीवार को भेदते हुए अंदर तक पहुंच गई, लेकिन इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। पुलिस ने 30 वर्षीय संदिग्ध महिला को हिरासत में लिया है।
लॉस एंजेल्स पुलिस विभाग के अनुसार, फायरिंग की सूचना रविवार को लगभग 1:21 बजे मिली, जिसके बाद पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। घटना के समय रिहाना अपने घर के अंदर थीं, जिससे उनके प्रशंसकों में चिंता और आशंका का माहौल बना रहा।
पुलिस ने बताया कि हमलावर महिला अपनी कार में बैठकर घर की ओर गोलियां चला रही थी। पुलिस सार्जेंट जोनाथन डी वेरा ने कहा कि फायरिंग एक कार से की गई थी, लेकिन सौभाग्य से कोई घायल नहीं हुआ।
फायरिंग के बाद आरोपी महिला सफेद टेस्ला कार में सवार होकर साउथ कोल्डवॉटर कैन्यन ड्राइव की ओर भाग गई। पुलिस ने उसके हुलिए का विवरण रेडियो संदेश के माध्यम से प्रसारित किया और उसका पीछा शुरू किया।
लगभग 30 मिनट के भीतर, पुलिस ने आरोपी महिला को शर्मन ओक्स के एक शॉपिंग सेंटर की पार्किंग से गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है और फायरिंग के पीछे के कारणों का पता लगाने की कोशिश कर रही है।