रुपये की गिरावट और महंगाई पर राहुल गांधी का बड़ा बयान
रुपये की गिरावट पर राहुल गांधी की प्रतिक्रिया
नई दिल्ली। डॉलर के मुकाबले भारतीय रुपया लगातार कमजोर होता जा रहा है। आज यह 94 के स्तर को पार कर गया है। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने मोदी सरकार पर तीखा हमला किया। उन्होंने कहा कि, मोदी सरकार के पास न तो कोई दिशा है और न ही कोई रणनीति, केवल बयानबाज़ी की जा रही है। यह केवल समय की बात है कि चुनाव के बाद पेट्रोल, डीज़ल और LPG की कीमतें भी बढ़ाई जाएंगी।
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "रुपये का डॉलर के मुकाबले कमजोर होकर 100 की ओर बढ़ना और औद्योगिक ईंधन की कीमतों में वृद्धि—ये केवल आंकड़े नहीं हैं, बल्कि आने वाली महंगाई के स्पष्ट संकेत हैं। सरकार चाहे इसे 'सामान्य' कहे, लेकिन सच्चाई यह है कि उत्पादन और परिवहन महंगे होंगे, MSMEs को सबसे अधिक नुकसान होगा, रोज़मर्रा की चीज़ों की कीमतें बढ़ेंगी और विदेशी निवेशकों का पैसा तेजी से बाहर जाएगा, जिससे शेयर बाजार पर दबाव बढ़ेगा।"
उन्होंने आगे कहा कि इसका सीधा और गहरा असर हर परिवार की जेब पर पड़ेगा। यह केवल समय की बात है कि चुनाव के बाद पेट्रोल, डीज़ल और LPG की कीमतें भी बढ़ाई जाएंगी। मोदी सरकार के पास न तो कोई दिशा है और न ही कोई रणनीति, केवल बयानबाज़ी की जा रही है। असली सवाल यह है कि आपकी थाली में क्या बचा है।
गौरतलब है कि ईरान, इजरायल और अमेरिका के बीच युद्ध जारी है, जिससे कई संकट उत्पन्न हो रहे हैं। इन सबके बीच अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपये में गिरावट जारी है। अब एक डॉलर के मुकाबले रुपया 94 के पार जा चुका है।