रेवाड़ी में शेयर मार्केट निवेश के नाम पर 14.45 लाख की साइबर ठगी, दो और आरोपी गिरफ्तार
रेवाड़ी में साइबर ठगी का मामला
रेवाड़ी साइबर थाना पुलिस ने सेक्टर-3 के एक निवासी से शेयर मार्केट में निवेश के बहाने 14.45 लाख रुपये की ठगी करने के आरोप में दो और व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान महाराष्ट्र के कोल्हापुर जिले के संतोष मधुसूदन नार्वेकर और राहुल राजेन्द्र कदम के रूप में हुई है। इससे पहले पुलिस ने इस मामले में दो अन्य आरोपियों को भी पकड़ा था।
जांच के दौरान पता चला कि पिछले साल 20 सितंबर को विनोद कुमार नामक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई थी। वह दवाओं की मार्केटिंग का काम करता है और उसने 18 अगस्त 2025 को शेयर मार्केट में निवेश के लिए एक ऐप डाउनलोड किया था।
विनोद ने अपने बैंक खाते से ऐप में 5,000 रुपये ट्रांसफर किए और धीरे-धीरे अपने और अपनी पत्नी के खातों से कुल 14.45 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। जब उसने पैसे निकालने की कोशिश की, तो उसे 10 प्रतिशत अतिरिक्त जमा करने के लिए कहा गया, जिससे उसे ठगी का एहसास हुआ।
पुलिस ने पहले ही मध्य प्रदेश के रीवा जिले के प्रद्युमन मिश्रा और संदीप सिंह को गिरफ्तार किया था, जिनके ज्वाइंट बैंक अकाउंट में ठगी की रकम का 4.5 लाख रुपये ट्रांसफर हुआ था।
अब पुलिस ने संतोष और राहुल को भी गिरफ्तार कर लिया है। संतोष के खाते में 4.5 लाख रुपये ट्रांसफर हुए थे, जबकि राहुल ने साइबर ठगों को खाता मुहैया कराने में मदद की थी। दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी प्रयास कर रही है।