लंदन में चाकू से हत्या के आरोपी का मुकदमा अप्रैल 2027 में
लंदन में चाकू से हत्या का मामला
(अदिति खन्ना) लंदन, 19 अक्टूबर - पश्चिमी लंदन में किरणदीप कौर की उनके घर में सोते समय चाकू से हत्या के आरोपी 44 वर्षीय व्यक्ति पर अगले साल अप्रैल में मुकदमा चलाया जाएगा। सोमवार को आइलवर्थ क्राउन कोर्ट में हुई सुनवाई में बताया गया कि डैनियल शॉन जेम्स ने 24 वर्षीय कौर पर 12 जुलाई की सुबह हेज इलाके में उक्सब्रिज रोड स्थित उनके निवास पर कथित तौर पर हमला किया। आरोप है कि उसने भारतीय नागरिक कौर पर उस समय चाकू से वार किया, जब वह अपने पति और तीन महीने के बच्चे के साथ बिस्तर पर सो रही थीं।
कौर दो साल पहले पंजाब से ब्रिटेन आई थीं। मेट्रोपॉलिटन पुलिस के डिटेक्टिव चीफ इंस्पेक्टर अल्लम भंगू ने कहा था, 'यह एक चौंकाने वाली घटना है, जिसके कारण दुखद रूप से एक महिला की जान चली गई और एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया तथा अस्पताल में भर्ती है।' इस सप्ताह अदालत में बताया गया कि जेम्स अब भी हिरासत में है और फिलहाल व्हीलचेयर का उपयोग कर रहा है। 'बीबीसी' की अदालत संबंधी रिपोर्ट के अनुसार, अभियोजक मुकुल चावला ने कहा कि घटना के समय वह बिना किसी सहारे के चलने में सक्षम था।
हत्या के मामले की सुनवाई 12 अप्रैल, 2027 से शुरू होगी। उस दिन अदालत में मामले से जुड़े साक्ष्य पेश किए जाएंगे। हमले के समय सामुदायिक संगठनों ने चिंता जताई थी कि यह सिख-विरोधी नफरती अपराध हो सकता है। यह घटना दक्षिण-पूर्वी इंग्लैंड में एक किशोर की हत्या के मामले में ब्रिटिश सिख व्यक्ति को दोषी ठहराए जाने के कुछ सप्ताह बाद हुई थी।