लुधियाना रेलवे स्टेशन पर बड़ा हादसा: ट्रेन के डिब्बे टूटने से मची अफरा-तफरी
लुधियाना में रेल हादसा
लुधियाना: शनिवार की सुबह लुधियाना रेलवे स्टेशन पर एक गंभीर रेल दुर्घटना हुई। नई दिल्ली से श्री माता वैष्णो देवी कटरा जा रही स्पेशल ट्रेन (04081) जैसे ही स्टेशन से रवाना हुई, अचानक दो डिब्बों को जोड़ने वाली कपलिंग टूट गई।
कपलिंग के टूटने से जोरदार धमाका हुआ, जिससे स्लीपर कोच का शौचालय बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। ट्रेन के दो हिस्सों में बंटने से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। घटना के बाद यात्रियों ने बताया कि धमाके की आवाज से डिब्बा टूटा है, लेकिन पुलिस अधिकारी इस मामले पर कुछ भी कहने को तैयार नहीं हैं। उनका कहना है कि जांच जारी है और तब तक कोई जानकारी नहीं दी जा सकती।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जब न्यू दिल्ली-श्री माता वैष्णो देवी कटरा स्पेशल ट्रेन लुधियाना स्टेशन से चलने लगी, तभी एक तेज आवाज सुनाई दी। यह आवाज इतनी जोरदार थी कि यात्रियों को किसी अनहोनी का अंदेशा हुआ। कपलिंग टूटने के झटके से स्लीपर कोच का शौचालय बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे की सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल, जीआरपी और कमिश्नरेट पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे। रेलवे के तकनीकी अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंच गए हैं और मरम्मत कार्य शुरू कर दिया गया है। हालांकि, रेलवे प्रशासन की ओर से इस घटना पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।
घटना के कारणों को लेकर स्थिति अभी स्पष्ट नहीं है। रेलवे के कुछ अधिकारियों का मानना है कि ट्रेन के आगे बढ़ते समय कपलिंग पर अत्यधिक खिंचाव आने के कारण वह टूट गई।
यह भी ध्यान देने योग्य है कि आज ऑपरेशन ब्लू स्टार की बरसी है, जिसके चलते हिंदू संगठनों ने मार्च निकालने का ऐलान किया है। पंजाब में इसको लेकर पहले से ही सुरक्षा के इंतजाम किए गए हैं। हालांकि, महानगर में धमाके की कई बार धमकियां आ चुकी हैं। रेलवे स्टेशन पर भी धमाके की कई बार चेतावनियां मिल चुकी हैं, जिसे लेकर पुलिस अधिकारी इस एंगल से भी जांच कर रहे हैं।