विपक्षी नेताओं के खिलाफ देशद्रोह की मांग, जय भगवान गोयल का धरना
धरना-प्रदर्शन का आयोजन
नई दिल्ली - ग्लोबल वैश्य फेडरेशन के अध्यक्ष और यूनाइटेड हिंदू फ्रंट के अंतरराष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष जय भगवान गोयल के नेतृत्व में 25 अक्टूबर को बिरला मंदिर के पास एक धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने राहुल गांधी के निवास की ओर मार्च करते हुए राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, केंद्रीय गृह मंत्री और सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश को ज्ञापन भेजा। ज्ञापन में राहुल गांधी, ममता बनर्जी, प्रियंका गांधी, अखिलेश यादव, अरविंद केजरीवाल, तेजस्वी यादव, उद्धव ठाकरे, राज ठाकरे और अभिजीत दीपके जैसे नेताओं के खिलाफ देशद्रोह का मामला दर्ज करने की मांग की गई।
गोयल ने आरोप लगाया कि विपक्षी नेता 1 नवंबर को रामलीला मैदान में होने वाली रैली के माध्यम से दिल्ली में अराजकता फैलाने का प्रयास कर रहे हैं, जिससे त्योहारों के समय व्यापारियों, श्रमिकों और आम जनता को कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने इस रैली के खिलाफ विरोध जताते हुए कहा कि इससे 1984 के सिख नरसंहार की बरसी पर सिख समुदाय की भावनाएं आहत हो सकती हैं।
दिल्ली अग्रोहा विकास ट्रस्ट के अध्यक्ष नंद किशोर अग्रवाल ने भी लोगों से एकजुट होने की अपील की। महामंडलेश्वर नवल किशोर दास ने आंदोलन में संत समाज की भागीदारी की बात की। धरने में विधायक अनिल गोयल, निगम पार्षद सुमन गुप्ता, व्यापारी, किसान, श्रमिक, संत और अधिवक्ता शामिल हुए।