वेनेजुएला में दो शक्तिशाली भूकंपों ने मचाई तबाही
भूकंप से राजधानी और अन्य क्षेत्रों में नुकसान
राजधानी सहित कई अन्य जगह घर व इमारतें ढही, इमरजेंसी घोषित
वेनेजुएला में एक के बाद एक दो भूकंपों ने भारी तबाही मचाई है। हालांकि, अभी तक इस आपदा में हताहतों की संख्या का आधिकारिक आंकड़ा जारी नहीं किया गया है, लेकिन अनुमान है कि सैकड़ों लोग प्रभावित हुए हैं।
भूकंपों की तीव्रता क्रमशः 7.1 और 7.5 मापी गई है। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण के अनुसार, पहले भूकंप का केंद्र मोरोन शहर के पश्चिम में और कराकास से लगभग 168 किलोमीटर दूर था, जिसकी गहराई 13 किलोमीटर थी। इसके कुछ ही मिनट बाद, 7.5 तीव्रता का दूसरा भूकंप आया, जिसकी गहराई 10 किलोमीटर थी।
सुनामी का अलर्ट जारी
भूकंप के बाद, अमेरिकी प्रशांत सुनामी चेतावनी केंद्र ने प्यूर्टो रिको और वर्जिन द्वीप समूह के लिए सुनामी अलर्ट जारी किया। वेनेजुएला की राजधानी काराकास में भूकंप के झटकों से इमारतें हिलने लगीं, जिससे लोग तुरंत बाहर निकल आए। कई लोग सड़कों पर खड़े होकर क्षतिग्रस्त इमारतों को देख रहे थे। कुछ स्थानों पर दीवारें गिर गईं, जिससे घरों और दफ्तरों के भीतर का फर्नीचर दिखाई देने लगा।
गृह मंत्री की अपील
वेनेजुएला के गृह मंत्री डियोसदादो काबेलो ने बताया कि भूकंप के झटके कई राज्यों में महसूस किए गए हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे खुले स्थानों पर रहें, क्योंकि आफ्टरशॉक आने की संभावना है। काबेलो ने यह भी कहा कि कुछ लोग घायल हुए हैं और वाहन चालकों से अनुरोध किया कि वे एंबुलेंस और आपातकालीन वाहनों को रास्ता देने के लिए सड़कों को खाली रखें।