संयुक्त अरब अमीरात में भयानक सड़क दुर्घटना, 14 की मौत और 30 घायल
संयुक्त अरब अमीरात में सड़क पर बड़ा हादसा
भयानक सड़क दुर्घटना: संयुक्त अरब अमीरात में एक गंभीर सड़क हादसा हुआ, जिसमें एक ट्रक अनियंत्रित होकर कई वाहनों से टकरा गया। इस दुर्घटना में 14 लोगों की जान चली गई और 30 अन्य घायल हुए हैं। गृह मंत्रालय ने गुरुवार को इस घटना की जानकारी दी। यह दुर्घटना फुजैराह अमीरात के प्रवेश द्वार पर स्थित एक सड़क पर हुई।
फुजैराह में एक ट्रक अचानक चालक के नियंत्रण से बाहर हो गया और सड़क पर चल रहे कई वाहनों से टकरा गया। टक्कर इतनी भयंकर थी कि कई गाड़ियों में आग लग गई। मृतकों में तीन भारतीय नागरिक भी शामिल हैं, जो केरल के मलप्पुरम जिले के निवासी थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, एंबुलेंस और बचाव दल मौके पर पहुंचे और घायलों को तुरंत अस्पताल भेजा गया।
गृह मंत्रालय के अनुसार, ट्रक चालक का नियंत्रण खो गया, जिससे ट्रक एक अन्य वाहन से टकराकर पलट गया और फिर धीमी गति से चल रहे कई अन्य वाहनों से टकरा गया। यह घटना आधी रात के आसपास हुई। इस हादसे में कुल 23 वाहन शामिल थे, जिनमें 18 कारें और 5 ट्रक शामिल हैं।
UAE के गृह मंत्रालय ने बताया कि इस दुर्घटना में मारे गए लोगों में सात देशों के नागरिक शामिल हैं, जिनमें UAE, भारत, ओमान, ब्राजील, पाकिस्तान, जॉर्डन और मिस्र के लोग शामिल हैं।