सचिन तेंदुलकर ने टीचर्स डे पर शुरू की अनोखी फेलोशिप
सचिन तेंदुलकर की नई पहल
‘प्रोफेसर रमेश तेंदुलकर मेमोरियल फेलोशिप’ : क्रिकेट के महान खिलाड़ी सचिन तेंदुलकर ने एक नई पहल की शुरुआत की है। उन्होंने अपने पिता की याद में यह फेलोशिप लॉन्च की। इस अवसर पर सचिन भावुक हो गए और अपने पिता रमेश तेंदुलकर को अपना पहला मेंटोर बताते हुए कहा कि उन्होंने ही मेरे क्रिकेट के प्रति प्रेम को पहचाना और मुझे इस खेल में करियर बनाने की स्वतंत्रता दी। सचिन ने बताया कि वह अपने हेल्थकेयर सहयोगी, ‘इंगा हेल्थ फ़ाउंडेशन’ के साथ मिलकर इस फेलोशिप की शुरुआत कर रहे हैं।
सचिन ने कहा, 'जब मैं अपने सफर के बारे में सोचता हूं, तो मेरी शुरुआत क्रिकेट के मैदान से नहीं, बल्कि मेरे घर से होती है। मेरे पिता ने तब मेरे क्रिकेट के प्रति प्रेम को पहचाना जब कोई मुझे नहीं जानता था। उन्होंने मुझे इसे आगे बढ़ाने की आज़ादी दी।'
उन्होंने आगे कहा, 'भारत में युवा प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। चाहे कोई बच्चा बल्ला उठाए, गेंद उठाए या किताब उठाए, यह उन्हें खास बनाता है। अक्सर टैलेंट की कमी नहीं होती, बल्कि ऐसे लोगों की कमी होती है जो उस टैलेंट को पहचान सकें और उसे निखारने में मदद कर सकें।'