सत्यांजल पांडे ने इस्लामाबाद में भारतीय उच्चायोग में प्रभारी राजदूत का कार्यभार संभाला
भारतीय उच्चायोग में नए प्रभारी राजदूत की नियुक्ति
इस्लामाबाद, तीन अगस्त: भारतीय राजनयिक सत्यांजल पांडे ने पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में भारतीय उच्चायोग में प्रभारी राजदूत के रूप में कार्यभार ग्रहण कर लिया है। भारतीय मिशन ने सोमवार को इस बात की पुष्टि की। पांडे, जो 2008 बैच के भारतीय विदेश सेवा (आईएफएस) अधिकारी हैं, ने गीतिका श्रीवास्तव का स्थान लिया है, जिन्हें अगस्त 2023 में इस पद पर नियुक्त किया गया था।
भारतीय मिशन ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक पोस्ट में बताया कि डॉ. सत्यांजल पांडे ने एक अगस्त 2026 को इस्लामाबाद में भारतीय उच्चायोग में प्रभारी राजदूत के रूप में कार्यभार संभाला। पांडे ने उच्चायोग की पोस्ट को साझा करते हुए लिखा, 'मैं एक शानदार टीम का हिस्सा बनकर सम्मानित महसूस कर रहा हूं।' इससे पहले, वह श्रीलंका में भारत के उप उच्चायुक्त के रूप में कार्यरत थे। अगस्त 2019 में जम्मू-कश्मीर का विशेष दर्जा वापस लेने के भारत के निर्णय के बाद, पाकिस्तान ने राजनयिक संबंधों का स्तर कम कर दिया था, जिसके चलते इस्लामाबाद और दिल्ली में भारतीय और पाकिस्तानी उच्चायोगों का नेतृत्व प्रभारी राजदूत कर रहे हैं।