×

समाजवादी पार्टी ने नीट परीक्षा में अनियमितताओं के खिलाफ किया प्रदर्शन

समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने नीट परीक्षा में अनियमितताओं और छात्रों पर पुलिस लाठीचार्ज के खिलाफ प्रदर्शन किया। बैजू यादव ने केंद्र सरकार पर गंभीर आरोप लगाए और मांग की कि शिक्षा मंत्री नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा दें। ज्ञापन में परीक्षा प्रणाली की पारदर्शिता और छात्रों पर दर्ज मुकदमे वापस लेने की भी मांग की गई। पार्टी नेताओं ने छात्रों के हितों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखने का आश्वासन दिया।
 

समाजवादी पार्टी का विरोध प्रदर्शन


महराजगंज :: समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को नीट परीक्षा में हुई कथित अनियमितताओं, पेपर लीक और छात्रों पर पुलिस द्वारा किए गए लाठीचार्ज के खिलाफ जिलाधिकारी के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन सौंपा। इस अवसर पर पार्टी के वरिष्ठ नेता बैजू यादव ने केंद्र सरकार पर शिक्षा प्रणाली को लेकर गंभीर सवाल उठाए और छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाया।


बैजू यादव ने कहा कि नीट परीक्षा में हुई गड़बड़ियों और पेपर लीक की घटनाओं ने लाखों छात्रों का विश्वास तोड़ा है। उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन कर रहे छात्रों और जनप्रतिनिधियों पर पुलिस का लाठीचार्ज लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है, जिसकी समाजवादी पार्टी कड़ी निंदा करती है।


ज्ञापन में मांग की गई कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा दें, नीट परीक्षा में हुई अनियमितताओं और पेपर लीक की निष्पक्ष जांच कराई जाए और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए। इसके साथ ही छात्रों और जनप्रतिनिधियों पर हुए लाठीचार्ज की न्यायिक जांच की जाए।


इसके अलावा, परीक्षा प्रणाली को पूरी तरह से पारदर्शी और जवाबदेह बनाने की मांग की गई, साथ ही प्रदर्शन के दौरान छात्रों पर दर्ज मुकदमे और अन्य दमनात्मक कार्रवाइयों को तुरंत वापस लेने की भी अपील की गई।


इस दौरान समाजवादी पार्टी के नौतनवा विधानसभा अध्यक्ष विक्रम यादव, संजय कनौजिया, विजय यादव, नीरज गुप्ता, राजू दुबे सहित कई अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। पार्टी नेताओं ने कहा कि छात्रों के हितों की रक्षा के लिए उनका संघर्ष आगे भी जारी रहेगा।


रिपोर्ट: विजय चौरसिया