सिडनी एयरपोर्ट पर विमानों की टक्कर टली, पायलट की चतुराई से बची जानें
सिडनी में बड़ा हादसा टला
ऑस्ट्रेलिया में रविवार को एक गंभीर विमान हादसा टल गया। सिडनी एयरपोर्ट पर कतर एयरवेज के एक विमान के साथ टकराने से बचने के लिए जेटस्टार के पायलट को अचानक ब्रेक लगाना पड़ा, जिससे चालक दल का एक सदस्य घायल हो गया। इस घटना के बाद एयरपोर्ट पर अफरा-तफरी मच गई।
चालक दल का सदस्य घायल
सिडनी एयरपोर्ट, जो ऑस्ट्रेलिया का सबसे व्यस्त हवाई अड्डा है, पर दो विमानों के बीच टकराव होते-होते बचा। सुरक्षा अधिकारियों ने इस घटना की जांच शुरू कर दी है, जिसमें एक चालक दल का सदस्य घायल हुआ है।
एयरपोर्ट पर मची अफरा-तफरी
यह घटना रविवार सुबह हुई, जिसके कारण सिडनी एयरपोर्ट पर परिचालन में बाधा आई। जेटस्टार के पायलट को कतर एयरवेज के विमान से टकराने से बचने के लिए अचानक ब्रेक लगाने पड़े।
उड़ान की तैयारी में था जेटस्टार
ऑस्ट्रेलियाई ट्रांसपोर्ट सेफ्टी ब्यूरो (ATSB) ने बताया कि जेटस्टार का एयरबस A320 गोल्ड कोस्ट के लिए उड़ान भरने की तैयारी में था। तभी उसके चालक दल ने देखा कि कतर एयरवेज का बोइंग 777 विमान एक एयरक्राफ्ट टग द्वारा खींचा जा रहा था और वह बहुत करीब था। दोनों विमानों के अचानक रुकने से जेटस्टार के चालक दल का एक सदस्य घायल हो गया।
जांच कर रहा रेग्युलेटर
रेग्युलेटर ने बताया कि जांचकर्ता दोनों विमानों और एयर ट्रैफिक कंट्रोल से संबंधित डेटा इकट्ठा कर रहे हैं। चालक दल और टग ऑपरेटरों से पूछताछ की जा रही है ताकि टकराव से बचने की घटना का कारण पता लगाया जा सके। एयरसर्विसेज ऑस्ट्रेलिया ने कहा कि इस घटना के बाद सिडनी एयरपोर्ट पर उड़ानों में देरी हो रही है।
जेटस्टार ने कहा, गलती हमारी नहीं
जेटस्टार की एक प्रवक्ता ने कहा, "हमारा विमान एयर ट्रैफिक कंट्रोल के निर्देशों का पालन कर रहा था, तभी पायलटों को जोर से ब्रेक लगाना पड़ा, क्योंकि एक दूसरा विमान बहुत करीब आ गया था।" विमान के अचानक रुकने से केबिन में मौजूद जेटस्टार का चालक दल का सदस्य घायल हो गया, जिसका बाद में पैरामेडिक्स ने इलाज किया।