सुपौल में सामुदायिक भोज के दौरान दाल में मिली छिपकली, 150 लोग अस्पताल में भर्ती
सामुदायिक भोज में छिपकली मिलने से मची अफरा-तफरी
सुपौल समाचार: बिहार के सुपौल जिले में रविवार की शाम एक सामुदायिक भोज के दौरान दाल में छिपकली मिलने से हड़कंप मच गया। यह घटना जदिया थाना क्षेत्र के मानगंज पश्चिम पंचायत के दतुआ वार्ड संख्या 10 में हुई। जब भोज में परोसी गई दाल में मृत छिपकली की जानकारी मिली, तो वहां उपस्थित लोगों में दहशत फैल गई।
सूत्रों के अनुसार, दतुआ वार्ड संख्या 10 में छोटकेलाल यादव के घर श्राद्ध भोज का आयोजन किया गया था, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। भोज के दौरान जब दाल में छिपकली मिलने की सूचना फैली, तो कई लोगों को उल्टी, पेट दर्द, घबराहट और बेचैनी की शिकायत होने लगी। इसके परिणामस्वरूप लगभग 150 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।
एक प्रत्यक्षदर्शी बालकृष्ण यादव ने बताया, “हम सब एक साथ बैठकर भोजन कर रहे थे। खाने के लिए 200 से 250 लोग लाइन में थे। जब लोगों ने दाल में छिपकली देखी, तो वहां अफरा-तफरी मच गई। बच्चों को पेट दर्द की शिकायत होने लगी और अस्पताल में लगभग 60 से 70 बच्चे भर्ती हैं।”