सेंट विंसेंट एंड ग्रेनाडाइंस में गोलीबारी से चार की मौत, गिरोहों की हिंसा पर चिंता
सेंट विंसेंट एंड ग्रेनाडाइंस में गोलीबारी की घटना
कैरेबियाई द्वीप राष्ट्र सेंट विंसेंट एंड ग्रेनाडाइंस में एक गोलीबारी की घटना में चार व्यक्तियों की जान चली गई। यह देश, जो पर्यटन के लिए जाना जाता है, गिरोहों के बीच बढ़ती हिंसा से निपटने में कठिनाई महसूस कर रहा है। ‘रॉयल सेंट विंसेंट एंड ग्रेनाडाइंस’ पुलिस ने शुक्रवार रात को राजधानी किंग्सटाउन के निकट ग्रीन हिल क्षेत्र में गोलीबारी की सूचना दी।
कार्यवाहक पुलिस आयुक्त ट्रेवर बेली ने शनिवार को मीडिया से कहा, ‘‘दो शवों की पहचान की गई। एक महिला का शव एक वाहन में पाया गया, जबकि दूसरा शव पास के एक भूखंड से बरामद किया गया।’’ बेली ने बताया कि शवों पर गोली लगने के स्पष्ट निशान थे और इस घटना में चार अन्य लोग भी घायल हुए हैं।
पुलिस ने बताया कि अभी तक किसी को गिरफ्तार नहीं किया गया है और गोलीबारी के कारणों की जांच की जा रही है। इसके अलावा, पुलिस ने शनिवार को एक और हत्या की घटना की जानकारी दी और यह जानने की कोशिश की जा रही है कि क्या यह घटना शुक्रवार रात की गोलीबारी से संबंधित है। राष्ट्रीय सुरक्षा मंत्री सेंट क्लेयर लीकॉक ने स्थानीय समाचार चैनल ‘एनबीसी रेडियो’ से बातचीत में इन घटनाओं की कड़ी निंदा की।
उन्होंने कहा कि सेंट विंसेंट एंड ग्रेनाडाइंस एक शांतिपूर्ण देश है, लेकिन गिरोहों से जुड़ी हिंसा की समस्या से जूझ रहा है। यह द्वीप पूर्व में ब्रिटिश उपनिवेश था और पूर्वी कैरेबियाई क्षेत्र में 32 द्वीपों और छोटे द्वीपों का समूह है। लंबे समय से, इसका मुख्य आर्थिक स्रोत पर्यटन रहा है।
यह छोटा द्वीपसमूह अपने ज्वालामुखीय परिदृश्य, प्रवाल भित्तियों और सफेद रेत वाले समुद्र तटों के लिए प्रसिद्ध है। यहां कई निजी द्वीप भी हैं जो पर्यटकों के बीच काफी लोकप्रिय हैं।