सोने और चांदी की कीमतों में हल्की गिरावट, वैश्विक अस्थिरता का असर
सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट
मुंबई: वैश्विक अस्थिरता के चलते शुक्रवार को सोने और चांदी की कीमतों में हल्की गिरावट देखी गई। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर सोने का 5 जून 2026 का कॉन्ट्रैक्ट 1,59,606 रुपए की पिछली क्लोजिंग के मुकाबले 108 रुपए की कमी के साथ 1,59,498 रुपए पर खुला। सुबह 9:56 बजे यह 405 रुपए या 0.25 प्रतिशत की गिरावट के साथ 1,59,201 रुपए पर पहुंच गया। इस दौरान सोने ने 1,58,816 रुपए का न्यूनतम और 1,59,498 रुपए का उच्चतम स्तर छुआ।
चांदी की कीमतों में भी गिरावट आई है। 05 जुलाई 2026 का चांदी कॉन्ट्रैक्ट 2,74,883 रुपए की पिछली क्लोजिंग के मुकाबले 1,083 रुपए की कमी के साथ 2,73,800 रुपए पर खुला। खबर लिखे जाने तक चांदी 533 रुपए या 0.19 प्रतिशत की गिरावट के साथ 2,74,350 रुपए पर थी। चांदी ने 2,73,266 रुपए का न्यूनतम और 2,75,000 रुपए का उच्चतम स्तर बनाया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी कीमती धातुओं की कीमतों में गिरावट देखी जा रही है। कॉमेक्स पर सोना 0.37 प्रतिशत की कमी के साथ 4,527 डॉलर प्रति औंस और चांदी 0.18 प्रतिशत की गिरावट के साथ 76.88 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रही थी।
वैश्विक स्तर पर अस्थिरता का दौर जारी है, लेकिन ईरान से तनाव कम होने के संकेत मिल रहे हैं। ईरान की समाचार एजेंसी आईएसएनए के अनुसार, तेहरान और वाशिंगटन के बीच मध्यस्थता के माध्यम से बातचीत चल रही है, जिसमें दोनों पक्ष संघर्ष समाप्त करने के लिए एक समझौते का औपचारिक ढांचा स्थापित करने का प्रयास कर रहे हैं। इसके अलावा, भारतीय शेयर बाजार की शुरुआत सकारात्मक रही है, और दोनों मुख्य सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी हरे निशान में हैं।